
नवीन जिन्दल फाउंडेशन के ‘स्वस्थ कुरुक्षेत्र अभियान’ के तहत जिन्दल हाउस में किया गया मरीजों का फॉलो-अप।
नवीन जिन्दल फाउंडेशन की दो मोबाइल मेडिकल युनिट में मरीजों को उपलब्ध कराई गई स्वास्थ्य सेवाएं।
थानेसर, प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 2 मई : सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में नवीन जिन्दल फाउंडेशन द्वारा मोबाइल मेडिकल यूनिट का संचालन किया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को मोबाइल मेडिकल यूनिट द्वारा जिन्दल हाउस, कुरुक्षेत्र में जरूरतमंद मरीजों का फॉलो-अप किया गया और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं।
आज मोबाइल मेडिकल युनिट में 178 लोगों की सामान्य स्वास्थ्य जांच कर परामर्श दिया गया, साथ ही रक्त परीक्षण भी किए गए। जांच के उपरांत सभी मरीजों को आवश्यक दवाइयां नि:शुल्क उपलब्ध करवाई गईं।
नवीन जिन्दल फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे ‘स्वस्थ कुरुक्षेत्र अभियान’ के तहत यह मोबाइल मेडिकल यूनिट नियमित रूप से कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रही है। इस अभियान का उद्देश्य केवल उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को संतुलित खान-पान, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति जागरूक करना भी है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सांसद कार्यालय प्रभारी एवं पूर्व आईएएस अधिकारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल का लक्ष्य है कि कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र का कोई भी नागरिक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे। मोबाइल मेडिकल यूनिट इसी संकल्प का हिस्सा है, जिसके माध्यम से गांव-गांव और जरूरतमंद लोगों तक चिकित्सा सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।


