

✍🏻 विजय दुबे
तेजीबाजार -(जौनपुर)–
तेजीबाजार थाना क्षेत्र के गौराखुर्द गांव में सांप काटने से 6 साल की एक बच्ची की मौत हो गई। यह घटना बीती रात हुई, जब बच्ची अपने घर में सो रही थी।
जानकारी के अनुसार, श्वेता यादव (6) पुत्री विनोद यादव अपने ननिहाल गौराखुर्द में ही रहती थी और वहीं पढ़ाई करती थी। बीती रात खाना खाने के बाद घर के सभी लोग सो गए। श्वेता भी बगल के तख्ते पर सो रही थी।
रात करीब तीन बजे बच्ची के सीने में दर्द हुआ, जिससे घर के सदस्य जाग गए। कुछ देर बाद परिवार वालों ने देखा कि चूल्हे के पास एक करैत सांप बैठा है।
आनन-फानन में परिजन बच्ची को बादलपुर अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार के सदस्यों ने बताया कि सांप ने बच्ची को तीन बार काटा था।
गौराखुर्द गांव निवासी स्वर्गीय बलिराम यादव की तीन बेटियां थीं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है। उनकी दूसरी बेटी अनीता का विवाह बक्शा थाना क्षेत्र के अगरौरा गांव में विनोद यादव से हुआ था। अनीता यादव अपने बच्चों के साथ अपने मायके गौराखुर्द में ही रहती हैं।
बच्ची की मौत से परिवार में दुख का माहौल है। सूचना मिलने पर तेजीबाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जरूरी लिखा-पढ़ी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


