**हुनर के साथ भाषाओं में भी पारंगत होंगे जिला कारागार के कैदी- जेल अधीक्षक
**
जलालाबाद -:अब कन्नौज जिला जेल के बंदी जल्दी विदेशी भाषा भी बोलेंगे। उन्हें जेल प्रशासन विदेशी भाषा सिखाने की व्यवस्था कर रहा है। इसके लिए ट्यूटर की व्यवस्था की जा रही है। ट्यूटर जल्द ही जेल में बंदियों की क्लास लगाएंगे। कन्नौज जेल में एक हजार से अधिक बंदी हैं। जेल प्रशासन ने इनकी पढ़ाई लिखाई की व्यवस्था की है। इसके लिए बेसिक शिक्षा के लिए जेल प्रशासन की ओर से जेल में पूर्ण इंतजाम है । शिक्षक द्वारा अनपढ़ बंदियों व कैदियों को साक्षर बनाया जाता है। पहले से साक्षर जिन बंदियों की पढ़ाई जेल आने के कारण छूट जाती है, उन्हें आगे की पढ़ाई कराई जाती है।
हाईस्कूल, इंटर और स्नातक की परीक्षाएं दिलाई जाती हैं। अब जेल प्रशासन इन बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रयासरत है। इसके लिए बंदियों को हुनरमंद बनाया जा रहा है। उन्हें जेल में इन्वर्टर बनाने, एलईडी बल्ब बनाने और इलेक्ट्रिक सामान की मरम्मत आदि का प्रशिक्षण दिया गया है। अब जेल प्रशासन बंदियों के कौशल विकास के लिए फ्रेंच भाषा, अंग्रेजी भाषा और रीजनिंग का प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया है।