Uncategorized

सांझी उत्सव में लोक सांस्कृतिक प्रदर्शनी बनेगी आकर्षण का केन्द्र

लोक पारम्परिक पुरातन वस्तुओं का दर्शक करेंगे अवलोकन।

कुरुक्षेत्र,प्रमोद कौशिक : वर्तमान दौर में लोक सांस्कृतिक परम्पराएं धीरे-धीरे समाप्ति की ओर अग्रसर हैं। इस दौर में विरासत हेरिटेज विलेज तथा एसोसिएशन ऑफ हरियाणवीज इन ऑस्ट्रेलिया लोक सांस्कृतिक परम्पराओं को जीवंत करने और युवा पीढ़ी से जोडऩे के लिए विशेष प्रयास कर रहा है। इसी कडी में 21 सितंबर से 1 अक्टूबर 2025 तक विरासत एएचए पांचवा सांझी उत्सव का आयोजन विरासत जी.टी रोड मसाना में किया जायेगा, वहीं पर लोक सांस्कृतिक विषय- वस्तुओं की प्रदर्शनी आने वाले दर्शकों व प्रतिभागियों के लिए विशेष आकर्षण का केन्द्र बनेगी। यह जानकारी विरासत सांझी उत्सव के निदेशक अभिनव पूनिया ने दी।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में खेती-बाड़ी की पुरातन वस्तुएं, हरियाणा के परिवहन के साधनों में बैलगाडिय़ां, रेहडू, ठोकर, बैलड़ी के साथ-साथ पुरातन रियासतों के बाट, सौ साल पहले पानी देने के लिए प्रयोग की जाने वाली चडस व ढ़ेकली, पुराने समय में प्रयोग किए जाने वाले कांसे व पीतल के बर्तन, कूंए से पानी निकालने के लिए प्रयोग किए जाने वाले डोल, अनाज मापने के लिए प्रयोग किए जाने वाले माप, दूध बिलोने के लिए प्रयोग की जाने वाली रई, पुरानी पीतल की बाल्टियां, पुराने चरखे, विदाई के समय लडक़ी को दी जाने वाली लोक पारम्परिक फुलझड़ी, मिट्टी व लुगदी से बने बोहिए भी प्रदर्शित किये जाएंगे। अभिनव पूनिया ने बताया कि उत्सव में भाग लेने वाले एवं प्रदर्शनी का अवलोकन करने वाले विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के छात्रों को जहां लोक सांस्कृतिक परम्पराओं से जोडऩे के लिए सांझी से संबंधित जानकारी दी जाएगी वहीं पर दूसरी ओर पुरातन विषय- वस्तुओं की लोक सांस्कृतिक प्रदर्शनी उनके लिए विशेष आकर्षण का केन्द्र होगी। अभिनव पूनिया ने बताया कि सांझी उत्सव के प्रति महिलाओं में विशेष उत्साह है। विरासत सांझी उत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी विशेष आकर्षण का केन्द्र होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel