जिलाध्यक्ष असफाक सक्लेनी के नेतृत्व में रामनगर ब्लॉक के केसरपुर गांव में आयोजित हुआ सद्भावना सम्मेलन

दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : जिलाध्यक्ष असफाक सक्लेनी के नेतृत्व में रामनगर ब्लॉक के केसर पुर गांव मे सद्भावना सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें प्रदेश भर से कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। सम्मेलन का उद्देश्य सामाजिक सौहार्द, संगठनात्मक मजबूती और जनसंवाद को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ओमवीर यादव ने अपने संबोधन में कहा कि जब किसी के आंगन में कोई पौधा लगाया जाता है तो उसे सींचा जाता है, न कि तोड़ा जाता है। उसी प्रकार जब समाज का कोई व्यक्ति राजनीति में आगे बढ़ता है तो समाज का दायित्व है कि वह उसका सहयोग करे और उसे मजबूत बनाए। उन्होंने सामाजिक एकता और परस्पर सहयोग को लोकतंत्र की आधारशिला बताया।
जिलाध्यक्ष असफाक सक्लेनी ने कहा कि केसरपुर उनका जन्मस्थान है और वे कहीं भी रहें, अपने गांव और यहां की जनता को कभी नहीं भूल सकते। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्य से भले ही उन्हें बाहर रहना पड़े, लेकिन गांव के लोगों की याद हमेशा उनके दिल में रहती है। उन्होंने जनता को आश्वस्त किया कि जब भी उनके योग्य कोई आवश्यकता होगी, वे हर समय साथ खड़े मिलेंगे।
अपने संबोधन में सक्लेनी ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि सरकार समाज में विभाजन की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता भविष्य में ऐसी नीतियों को माफ नहीं करेगी।
सम्मेलन में मुख्य रूप से बरेली महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश दद्दा, पंडित राज शर्मा, पंडित राजन उपाध्याय, के.के. शर्मा, तीरथ मधुकर, उल्फत कठेरिया, डॉ. सरताज, साहिब सिंह, बंटी सिंह, रमेश श्रीवास्तव, कमरुद्दीन सैफी, नजमा जोया, पंकज उपाध्याय सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन आपसी सद्भाव, संगठन की मजबूती और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने के संकल्प के साथ हुआ।



