महिला कल्याण विभाग की पहल से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : जिला प्रोबेशन अधिकारी (DPO) के निर्देशानुसार आज अटरिया, सीबीगंज में महिला कल्याण विभाग, बरेली एवं डॉ. मधु गुप्ता, एमओआईसी, यूपीएचसी सीबीगंज के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉल्फिन स्कूल, सीबीगंज में पार्षद रचित द्वारा एमआर (Measles-Rubella) जागरूकता अभियान के उद्घाटन से हुई, जिसके पश्चात सरकारी विद्यालय, अटरिया में भी अभियान का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर बालिकाओं को बाल विवाह उन्मूलन की शपथ दिलाई गई तथा बताया गया कि 18 वर्ष से कम आयु की लड़की एवं 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। यदि ऐसा कहीं हो रहा हो तो इसकी सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दी जा सकती है।
बालिका स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत डॉ. मधु गुप्ता ने किशोरियों को मासिक धर्म स्वच्छता (Menstrual Hygiene) के महत्व के बारे में जानकारी दी तथा उनके प्रश्नों के उत्तर दिए।.
महिला कल्याण विभाग, बरेली की ओर से डीएमसी रिंकी सैनी, हरविंदर कौर एवं शारीन (जेंडर स्पेशलिस्ट, हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन) ने बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बाल विवाह के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार की योजनाओं जैसे —
- मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना
- मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना
- स्पॉन्सरशिप योजना
- वन स्टॉप सेंटर
- हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वुमेन
— की जानकारी प्रदान की तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जुड़ने हेतु प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान किशोरियों को निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरित किए गए।
साथ ही श्रवण (एल.टी.) द्वारा किशोरियों का हीमोग्लोबिन (Hb) परीक्षण किया गया, जिससे एनीमिया मुक्त भारत अभियान को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया।
साथ ही महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला सुरक्षा 1090, पुलिस सहायता 112 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में सरिता, सरस्वती, छाया, नीरज, सुबीता, राखी एवं रामलली की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का उद्देश्य बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करना, बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण में सुधार करना तथा समाज में जागरूकता बढ़ाना रहा।




