
बिलरियागंज। स्थानीय बाजार के भीमबर रोड स्थित शमा टेंट हाउस के गोदाम में शनिवार रात करीब 8:30 बजे अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग लगने से गोदाम के पीछे अहाते में रखा टेंट हाउस का सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार भगतपुर निवासी मेराज अहमद पुत्र मुमताज की भीमबर रोड पर अपने मकान में टेंट हाउस की दुकान है। मेराज अहमद ने बताया कि वह शनिवार रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। इसी दौरान पड़ोस के लोगों ने लगभग 8:30 बजे दुकान में आग लगने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही मेराज अहमद मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया।
आग की चपेट में आने से करीब 150 मैट, पर्दे, सीलिंग तथा प्लाई की शटरिंग जल गई। हालांकि गोदाम के पीछे अहाते की ओर लगा लोहे का दरवाजा आग को अंदर फैलने से रोकने में सहायक साबित हुआ, जिससे गोदाम के भीतर रखा बाकी सामान सुरक्षित बच गया।
घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई थी।


