
स्वामी अमित देव जी और अखिल नाथ की संयुक्त पहल बनी आकर्षण का केंद्र।
नई दिल्ली,प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 15 मई : तिलक नगर स्थित “संस्कृति पॉडकास्ट स्टूडियो” का शुभारंभ पद्मश्री विजय कुमार चोपड़ा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। यह स्टूडियो अखिल नाथ और स्वामी अमित देव जी की संयुक्त पहल है, जिसका उद्देश्य भारतीय संस्कृति, योग, अध्यात्म और सकारात्मक जीवन मूल्यों को आधुनिक माध्यमों के जरिए जन-जन तक पहुंचाना है। उद्घाटन अवसर पर संत महामंडल की अध्यक्षा एवं अनेक राज्यों में स्थापित मठ मन्दिर आश्रमों की परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर 1008 स्वामी विद्यागिरी जी महाराज, डॉ. एच.एस. रावत, डॉ. आर.के. मिधा, वरिष्ठ पत्रकार गिरीश चंद्र शर्मा, हीरा योगी, मंगेश त्रिवेदी, योगाचार्या तनु, महेश चंद गोयल, राजीव खोलसा एवं मयंक पोरवाल सहित अनेक प्रतिष्ठित अतिथि उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में पद्मश्री विजय कुमार चोपड़ा ने कहा कि “संस्कृति पॉडकास्ट स्टूडियो” समाज में सांस्कृतिक चेतना और सकारात्मक जनजागरण का प्रभावशाली माध्यम बनेगा। उन्होंने युवाओं से योग को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे मंच भारतीय संस्कृति और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने अखिल नाथ की पहल की सराहना करते हुए कहा कि वह अपने स्वर्गीय पिता भारत प्रेम नाथ के “सादा जीवन, उच्च विचार” के आदर्शों को आगे बढ़ा रहे हैं।
स्टूडियो प्रबंधन ने बताया कि “संस्कृति पॉडकास्ट स्टूडियो” के माध्यम से योग, आयुर्वेद, अध्यात्म, भारतीय संस्कृति और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर विशेष पॉडकास्ट एवं प्रेरणादायक संवाद प्रस्तुत किए जाएंगे। स्टूडियो का पहला विशेष एपिसोड “95 की उम्र में भी फिट – पद्मश्री विजय कुमार चोपड़ा जी की योग यात्रा” विषय पर रिकॉर्ड किया गया।
अखिल नाथ ने कहा कि स्वामी अमित देव जी के साथ यह प्रयास समाज में सकारात्मक चेतना फैलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि संस्कृति स्टूडियो का उद्देश्य आधुनिक माध्यमों के जरिए युवाओं तक भारतीय ज्ञान, योग और प्रेरणादायक विचार पहुंचाना है।
समारोह में संत महामंडल की अध्यक्षा एवं अनेक राज्यों में स्थापित मठ मन्दिर आश्रमों की परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर 1008 स्वामी विद्यागिरी जी महाराज, डॉ. एच.एस. रावत, डॉ. आर.के. मिधा और वरिष्ठ पत्रकार गिरीश चंद्र शर्मा ने भारतीय संस्कृति, योग, मानसिक स्वास्थ्य और सकारात्मक पत्रकारिता पर अपने विचार रखे। वहीं हीरा योगी, मंगेश त्रिवेदी एवं योगाचार्या तनु ने योग के व्यावहारिक लाभों का प्रदर्शन किया। योगाचार्या तनु ने महिलाओं और युवाओं के लिए नियमित योग अभ्यास की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।
इस अवसर पर महेश चंद गोयल, राजीव खोलसा एवं मयंक पोरवाल की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम में दुष्यंत नायक, डॉ. किरन विश्कर्मा, हिमांशु एवं आयुष सहित अनेक सामाजिक, सांस्कृतिक और मीडिया जगत की हस्तियां मौजूद रहीं। सभी वक्ताओं ने कहा कि “संस्कृति पॉडकास्ट स्टूडियो” भारतीय संस्कृति, योग और सकारात्मक जीवनशैली को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने वाला प्रभावशाली मंच बनेगा।


