
(पंजाब)फिरोजपुर,13 जून [कैलाश शर्मा जिला विशेष संवाददाता]=
हा हा बी हैप्पी ग्रुप, फिरोजपुर द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 19 से 21 जून 2026 तक बागी पार्क में तीन दिवसीय वार्षिक योग शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष संस्था अपने पांचवें सालाना योग कैंप को विशेष रूप देते हुए "उत्तम योग साधक सम्मान समारोह" का आयोजन भी करेगी, जिसमें नियमित रूप से अच्छे योग साधको को समाज में योग प्रोत्साहन शक्ति के रूप में समाज के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा ।
ग्रुप के प्रधान देवराज खुल्लर ने बताया कि योग शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा योग के माध्यम से विभिन्न शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं के समाधान के प्रति जागरूक करना है। शिविर में अनुभवी योग प्रशिक्षकों द्वारा योगासन, प्राणायाम, ध्यान एवं विभिन्न व्यायामों का अभ्यास करवाया जाएगा। साथ ही प्रतिभागियों को दैनिक जीवन में योग के महत्व और उससे होने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी भी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि हा हा बी हैप्पी ग्रुप पिछले कई वर्षों से समाज में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। संस्था द्वारा समय-समय पर निःशुल्क योग शिविर आयोजित किए जाते रहे हैं। इसके अतिरिक्त बागी पार्क में प्रतिदिन नियमित योगाभ्यास भी कराया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग भाग लेकर लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
देवराज खुल्लर ने शहरवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में योग शिविर में भाग लें तथा अपने परिवार और परिचितों को भी योग से जोड़कर स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज के निर्माण में सहयोग दें।


