
पात्र लाभार्थियों को जल्द ही एक कार्यक्रम में वितरित किए जाएंगे सभी प्रकार के सहायक उपकरण।
थानेसर,प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 17 जून : सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में नवीन जिन्दल फाउंडेशन एवं एलिम्को के सहयोग से बुधवार को जिन्दल हाउस, कुरुक्षेत्र में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायक उपकरण पंजीकरण एवं मूल्यांकन शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में पूरे कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और लगभग 394 दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण एवं मूल्यांकन किया गया।
इस शिविर के दौरान एल्मिको की विशेषज्ञों की टीम ने लाभार्थियों की आवश्यकताओं का आकलन किया तथा व्हीलचेयर, सुनने की मशीनयंत्र, कृत्रिम अंग और बैटरी चालित ट्राइसाइकिल सहित अन्य सहायक उपकरणों की जरूरत के अनुसार पात्र लाभार्थियों की पहचान की। पंजीकृत लाभार्थियों के दस्तावेजों और मूल्यांकन रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही सहायक उपकरण उपलब्ध करवायें जाएंगे।
इस शिविर में पहुंचने वाले दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों एवं उनके परिजनों के लिए बैठने, पेयजल और भोजन की समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे दूर-दराज़ से आए लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। नवीन जिन्दल फाउंडेशन के टीम ने पूरे कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों की सहायता की।
इस अवसर पर सांसद कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह (पूर्व आईएएस) ने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल का सदैव प्रयास रहा है कि समाज के जरूरतमंद और कमजोर वर्गों तक सहायता समय पर पहुंचे। इसी उद्देश्य से यह पंजीकरण एवं मूल्यांकन शिविर आयोजित किया गया है।
उन्होंने बताया कि शिविर में पंजीकृत एवं पात्र पाए गए लाभार्थियों को जल्द ही एक कार्यक्रम में सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सांसद नवीन जिन्दल के नेतृत्व में नवीन जिन्दल फाउंडेशन जनसेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों की सहायता कर रहा है।
इस शिविर में नवीन जिन्दल फाउंडेशन की टीम, एलिम्को की तकनीकी टीम और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने लाभार्थियों के पंजीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


