
नसीरपुर बाईपास पर वृद्ध का शव मिलने से सनसनी
आजमगढ़ बिलरियागंज। थाना क्षेत्र के अकटहिंयाबाईपास पर गुरुवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक वृद्ध का शव पड़ा मिला। शव के पास एक साइकिल भी बरामद हुई है।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि शाम करीब सात बजे वृद्ध का शव सड़क किनारे पड़े होने की सूचना मिली थी। प्रथम दृष्टया मृतक मजदूर प्रतीत हो रहा है। शुरुआती जांच में मौत का कारण हृदयाघात (हार्ट अटैक) माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।


