
लोकेशन रायबरेली
रिपोर्टर विपिन राजपूत
योग से स्वस्थ जीवन, नशामुक्ति से सशक्त समाज का संकल्प
सिटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में योग साधकों ने लिया नशा छोड़ने का प्रण
राणा बेनी माधव पार्क में गूंजा सकारात्मक परिवर्तन का संदेश
क्रॉसर : मातृभूमि सेवा मिशन के पांच दिवसीय योग महोत्सव में योगाभ्यास के साथ शुरू हुआ नशामुक्त भारत अभियान का जनजागरण
रायबरेली। शहीदों की पावन धरा पर स्थित राणा बेनी माधव भगत सिंह पार्क में योग की ऊर्जा के साथ स्वस्थ और संस्कारित समाज निर्माण का संदेश गूंजा। मातृभूमि सेवा मिशन रायबरेली इकाई के पांच दिवसीय योग महोत्सव के दूसरे दिन सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। योगाभ्यास के बाद नशामुक्त भारत अभियान के तहत योग साधकों एवं नागरिकों को नशा त्यागने का सामूहिक संकल्प दिलाया गया।
डॉ. ज्ञानेंद्र चतुर्वेदी ने नशामुक्ति का संकल्प दोहराया, जिसके बाद बड़ी संख्या में मौजूद साधकों ने एक स्वर में नशे से दूर रहने और समाज को जागरूक करने का प्रण लिया।
सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि यह व्यक्ति के विचारों, व्यवहार और जीवनशैली में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम है। योग आत्मअनुशासन और संयम सिखाता है, जबकि नशा व्यक्ति के साथ-साथ परिवार और समाज को कमजोर करता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को योग अपनाने और नशे से दूरी बनाने का संकल्प लेना होगा।
उन्होंने कहा कि योग को केवल 21 जून तक सीमित न रखकर इसे प्रतिदिन की दिनचर्या में शामिल करना चाहिए, क्योंकि नियमित योग स्वस्थ शरीर के साथ स्वस्थ सोच भी प्रदान करता है।
मातृभूमि सेवा मिशन इकाई के संयोजक प्रदीप पांडेय के निर्देशन में आयोजित योग महोत्सव के लिए मुंशीगंज शहीद स्मारक राणा बेनी माधव बख्श सिंह पार्क को आकर्षक रूप से सजाया गया है। सुबह के समय पार्क में योग साधकों की बड़ी संख्या, अनुशासित अभ्यास और सकारात्मक वातावरण आयोजन की भव्यता को दर्शा रहा है। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंच रहे लोग नियमित योगाभ्यास में सहभागिता कर रहे हैं।
योग साधकों ने कहा कि योग उनके लिए केवल अभ्यास नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की कला है। यहां होने वाला आयोजन एक दिन का नहीं, बल्कि पूरे वर्ष स्वास्थ्य और अनुशासन से जुड़ने का प्रेरक अभियान है। भारत विकास परिषद के अध्यक्ष उमेश अग्रवाल ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और विचारों को संतुलित करता है। वर्तमान समय में योग और नशामुक्ति का संदेश समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है।कार्यक्रम की अध्यक्षता मातृभूमि सेवा मिशन इकाई के अध्यक्ष रामराज गिरी ने की। संचालन मंडल अध्यक्ष भगवत प्रताप सिंह एवं डॉ. ज्ञानेंद्र चतुर्वेदी ने किया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में साधकों ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पौधारोपण भी किया गया। इस अवसर पर अजय मिश्रा, देवेंद्र मिश्रा, चंपा श्रीवास्तव, राज अग्रहरी, अनूप शर्मा, रोहित, अवधेश सिंह, दिनेश मिश्रा, सुमन देवी, माया देवी, रश्मि पांडेय, सीमा, सृष्टि, आराध्या एवं शिवांशी,प्रकाश सहित बड़ी संख्या में योग साधक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


