
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : गत दिवस “एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग” थीम के अंतर्गत यूपीएचसी सी.बी. गंज पर मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के दौरान अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं, मरीजों एवं आमजन ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ योगासन एवं प्राणायाम के अभ्यास से हुआ। प्रतिभागियों को योग के महत्व एवं इसके शारीरिक, मानसिक तथा आध्यात्मिक लाभों के बारे में जानकारी दी गई। सभी को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने हेतु प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी डॉ. अजमेर सिंह ने यूपीएचसी सी.बी. गंज का निरीक्षण किया तथा मुख्यमंत्री आरोग्य मेले एवं योग दिवस के अंतर्गत आयोजित गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने कार्यक्रम की उत्कृष्ट व्यवस्था एवं सभी प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना की।
डॉ. अजमेर सिंह ने डॉ. मधु गुप्ता, एमओआईसी, यूपीएचसी सी.बी. गंज एवं उनकी पूरी टीम के कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ योग एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों का सफल आयोजन सराहनीय है। उन्होंने टीम द्वारा मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के प्रभावी संचालन एवं जनसेवा के प्रति समर्पण की भूरि-भूरि प्रशंसा की। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।


