
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने आज लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड में छात्रों की मौत के बाद बरेली में भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए है।
जिलाधिकारी ने इस दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए चिंता जताई है कि बरेली में भी रिहायशी इलाकों और संकरे स्थानों पर कई कोचिंग सेंटर, अस्पताल और बेसमेंट पार्किंग बिना मानकों के चल रहे हैं। इन जगहों पर बिजली और अग्निशमन की व्यवस्थाएं ठीक नहीं हैं।जिलाधिकारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, उपाध्यक्ष बरेली विकास प्राधिकरण, नगर आयुक्त, समस्त अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी गण, नगर मजिस्ट्रेट, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र जारी कर निर्देशित किया है कि रिहायशी इलाकों में चल रहे सभी कोचिंग सेंटर और संस्थानों की तत्काल जांच की जाये और ऐसे सभी संस्थानों को व्यावसायिक क्षेत्रों में शिफ्ट कराया जाए, सभी जगहों पर अग्नि सुरक्षा उपकरण मानक के अनुसार हैं या नहीं, इसकी जांच की जाये तथा भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाये।


