
लोकेशन रायबरेलीरिपोर्टर विपिन राजपूत
डीएम व एसपी ने मोहर्रम जुलूस को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु विभिन्न जुलूस मार्गों का किया स्थलीय निरीक्षण
सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन एवं व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रायबरेली-26 जून 2026,
मोहर्रम जुलूस के दृष्टिगत जनपद में कानून-व्यवस्था, सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने विभिन्न मोहर्रम जुलूस मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने जुलूस के निर्धारित मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहनता से निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान निर्देशित किया कि जुलूस मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण, अवरोध अथवा दुर्घटना की आशंका उत्पन्न करने वाली स्थिति न रहे। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यह सुनिश्चित करें कि मोहर्रम के जुलूस में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहे तथा संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन एवं अन्य आधुनिक तकनीकी संसाधनों के माध्यम से सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ताजियादारों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित कर प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों की जानकारी साझा की तथा सभी से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं शांति बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनपद की गंगा-जमुनी तहजीब और सौहार्दपूर्ण वातावरण को बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी संबंधित विभाग अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं गंभीरता से निर्वहन करें। दायित्वों के निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता न की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य मोहर्रम जुलूस को पूर्ण सुरक्षा, शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


