चेतावनी पर जागा प्रशासन, वार्ता के लिए परिवहन आयुक्त ने चालकों को बुलाया लखनऊ

खबर का असर: अनशन और भिक्षाटन की घोषणा के बाद धरना स्थल पर पहुंचे आरटीओ व एआरटीओ; चालकों ने मंगलवार तक स्थगित किया आंदोलन

आजमगढ़। ‘वाहन चालक कल्याण समिति संपूर्ण भारत’ के बैनर तले रिक्शा स्टैंड पर चल रहा चालकों का अनिश्चितकालीन धरना शुक्रवार को चौथे दिन प्रशासन की बड़ी पहल के बाद स्थगित हो गया। चालकों द्वारा अनशन और भिक्षाटन करने की चेतावनी दिए जाने के बाद परिवहन विभाग में हड़कंप मच गया। इसके बाद संभागीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) प्रवर्तन सुनील दत्त और एआरटीओ प्रवर्तन अतुल कुमार यादव ने खुद धरना स्थल पर पहुंचकर संगठन के पदाधिकारियों से वार्ता की।

परिवहन आयुक्त से मंगलवार को होगी आमने-सामने बात
प्रवर्तन अधिकारियों ने चालकों की मांगों को सुनने के बाद तत्काल पूरे मामले से लखनऊ में उच्च अधिकारियों को अवगत कराया। आरटीओ सुनील दत्त ने बताया कि परिवहन आयुक्त कार्यालय की ओर से चालकों को वार्ता का समय दिया गया है। आगामी मंगलवार को चालक संगठन का प्रतिनिधिमंडल लखनऊ जाकर परिवहन आयुक्त से मुलाकात करेगा, जहां उनकी विभागीय समस्याओं के समाधान पर विस्तृत चर्चा होगी। तीन दिनों तक आंदोलन की सुध न लेने के सवाल पर आरटीओ ने स्पष्ट किया कि उन्हें इसकी जानकारी शुक्रवार को ही मिली थी और वे किसी दबाव में नहीं, बल्कि संवाद के माध्यम से समाधान के लिए आए हैं।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो लखनऊ से तय होगी अगली रणनीति: सुरेश यादव
प्रशासन के इस ठोस आश्वासन के बाद संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश यादव ने शाम को धरना स्थगित करने की घोषणा की। हालांकि, उन्होंने साफ शब्दों में कहा, “हम आंदोलन खत्म नहीं, बल्कि सिर्फ मंगलवार तक के लिए स्थगित कर रहे हैं। हमारी 10 सूत्रीय मांगों में राष्ट्रीय चालक आयोग, ड्राइवर सुरक्षा बोर्ड और चालक कल्याण बोर्ड का गठन प्रमुख हैं। इसके अलावा हम चालकों की समस्याओं के लिए सरकार से एक स्वतंत्र विभाग की स्थापना की मांग कर रहे हैं।” यादव ने चेतावनी दी कि यदि मंगलवार को लखनऊ में होने वाली वार्ता बेनतीजा रही, तो वहीं से आंदोलन की अगली और बड़ी रणनीति का एलान किया जाएगा।


VV NEWS

राष्ट्रीय कार्यालय रमाकान्त पाण्डेय(गोपालपुरी) संरक्षक/संस्थापक ग्राम व पोस्ट- गोपालपुर (टावर) थाना व तहसील- मेहनगर जिला-आजमगढ़, उत्तर प्रदेश पिंन कोड़-276204 मोबाईल-9838825561,7054825561 हेंड कार्यालय/प्रशासनिक कार्यालय जितेंद्र पटेल (प्रमुख संपादक/प्रशासनिक संपादक) ग्राम व पोस्ट- 495668 थाना व तहसील-जांजगीर जिला-जांजगीर (छत्तीसगढ) पिंन कोड़-495668 मोबाईल-6265564514

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

advertisement