
**
*मुबारकपुर के किसान ने SDM से पैमाइश कराकर निर्माण रुकवाने की मांग की*
*आजमगढ़, संवाद सूत्र।* तहसील सदर के थाना मुबारकपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोहब्बतपुर पूर्वी में पोखरी खुदाई के नाम पर एक किसान की निजी जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगा है। पीड़ित किसान ने उपजिलाधिकारी सदर को प्रार्थना-पत्र देकर जमीन की पैमाइश कराने और खुदाई का कार्य रोकने की मांग की है।
ग्राम मोहब्बतपुर निवासी दयाराम राजभर पुत्र टिल्टू राजभर ने आरोप लगाया है कि उनकी पुश्तैनी जमीन गाटा संख्या-1562 को कुछ प्रभावशाली लोगों और ग्राम प्रधान की मिलीभगत से जबरन पोखरी में मिलाया जा रहा है।
पीड़ित के अनुसार उनकी जमीन के बगल में गाटा संख्या-1571 में पोखरी की सरकारी खुदाई हो रही है। आरोप है कि खुदाई करने वाली टीम इसी की आड़ में उनकी जमीन की मेड़ काटकर पोखरी में मिला रही है।
दयाराम ने बताया कि जब उन्होंने विरोध किया तो दबंगों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी और दौड़ाकर पीटने का प्रयास किया। घटना के बाद से वह भयभीत हैं।
*पैमाइश की मांग*
SDM को दिए पत्र में दयाराम ने कहा कि वह विकास कार्य के विरोधी नहीं हैं, लेकिन पहले गाटा-1562 की निष्पक्ष पैमाइश कराकर सीमा निर्धारित की जाए। पैमाइश के बाद ही खुदाई आगे बढ़ाई जाए ताकि किसी किसान के साथ अन्याय न हो।
इस संबंध में तहसील प्रशासन ने मामले की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


