
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : आई.एम.ए. हॉल, बरेली में आज बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन के अंतर्गत माध्यमिक प्रबंधक-शिक्षक सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। सम्मेलन में जनपद भर से वित्तविहीन एवं सहायता प्राप्त (एडेड) विद्यालयों के प्रबंधकों एवं शिक्षकों सहित हजारों की संख्या में शिक्षक मतदाता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के मा. कैबिनेट मंत्री श्री धर्मपाल सिंह जी रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मा. राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अरुण कुमार सक्सेना जी ने की।
मुख्य अतिथि श्री धर्मपाल सिंह जी ने अपने संबोधन में बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी एवं वर्तमान सदस्य विधान परिषद डॉ. हरी सिंह ढिल्लो को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए गए ऐतिहासिक कार्यों एवं शिक्षकों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार निरंतर शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए श्री अरुण कुमार सक्सेना जी ने कहा कि डॉ. हरी सिंह ढिल्लो ने विधान परिषद में सदैव शिक्षकों की समस्याओं एवं मांगों को प्रभावी ढंग से उठाया है। उन्होंने उपस्थित शिक्षक मतदाताओं से पुनः उन्हें प्रचंड मतों से विजयी बनाने की अपील की।
इस अवसर पर महापौर उमेश गौतम एवं जिला पंचायत अध्यक्षा रश्मि पटेल ने भी अपने संबोधन में डॉ. हरी सिंह ढिल्लो के पक्ष में अधिकाधिक मतदान करने का आह्वान किया।
भाजपा प्रत्याशी एवं सदस्य विधान परिषद डॉ. हरी सिंह ढिल्लो ने अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने सदैव पारदर्शिता एवं ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उन्होंने लगातार विधान परिषद में उठाई, जिसका परिणाम आज शिक्षकों को इस महत्वपूर्ण सुविधा के रूप में प्राप्त हुआ है। उन्होंने इसके लिए प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री मा. श्री योगी आदित्यनाथ जी, पार्टी नेतृत्व एवं प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए सभी शिक्षकों को बधाई दी तथा पुनः भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षक चुनाव एवं सम्मेलन के संयोजक मा. सदस्य विधान परिषद कुंवर महाराज सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षक बंधुओं एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्षा रश्मि पटेल, महापौर उमेश गौतम जी, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह सदस्य विधान परिषद बहोरन लाल मौर्य , विधायक राघवेंद्र शर्मा, विधायक एम.पी. आर्य , विधायक डी.सी. वर्मा, पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप, महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, जिला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा , एलडीबी के उपसभापति रविन्द्र सिंह राठौर, शिक्षक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक हरिशंकर गंगवार, पूर्व शिक्षा निदेशक श्री महेंद्र देव, मीडिया प्रभारी बंटी ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं शिक्षक चुनाव के संयोजकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन जिला महामंत्री एवं शिक्षक चुनाव के जिला संयोजक निर्भय गुर्जर जी ने किया।


