
वीवी न्यूज (VV NEWS) अजमेर ब्यूरो चीफ, सैयद हामिद अली:
राज्य सरकार द्वारा संचालित अंगदान जन-जागरूकता अभियान (15 जुलाई से 31 अगस्त) के अंतर्गत सोमवार को अजमेर के जवाहरलाल नेहरू (JLN) मेडिकल कॉलेज से एक विशाल जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य आमजन को अंगदान के महत्व के प्रति जागरूक करना और मृत्यु उपरांत अंगदान के लिए प्रेरित करना है।
संयुक्त तत्वावधान में भव्य आयोजन
यह विशाल रैली जेएलएन मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, नर्सिंग स्कूल एवं रोटरी क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई। रैली को मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल सामरिया के मार्गदर्शन में मेडिकल कॉलेज पोर्च से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो शहर के प्रमुख मार्ग से होती हुई बजरंगगढ़ तक पहुंची।
हजारों की संख्या में जुटे चिकित्सक और छात्र
रैली में चिकित्सा जगत और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसमें मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ चिकित्सक, शिक्षकगण, यूजी एवं पीजी (UG & PG) विद्यार्थी, नर्सिंग स्टाफ, नर्सिंग कॉलेज व स्कूल के छात्र-छात्राओं सहित रोटरी क्लब के अध्यक्ष मनोज डबराल एवं सचिव सुबोध पुरी के साथ बड़ी संख्या में क्लब के सदस्यों ने भागीदारी निभाई। रैली के समापन पर संभागीय आयुक्त ने बजरंगगढ़ में उपस्थित होकर सभी प्रतिभागियों को सम्बोधित किया। इस दौरान हवा में रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर जन-भागीदारी और अंगदान जागरूकता का संदेश दिया गया।
इन अधिकारियों और डॉक्टरों का रहा विशेष सहयोग
इस पूरे भव्य कार्यक्रम का सफल आयोजन नोडल अधिकारी डॉ. श्याम भूतड़ा, डॉ. संजीव माहेश्वरी, डॉ. महेंद्र खन्ना, डॉ. गोगराज, डॉ. पंकज सैनी, डॉ. सुमन कंवर, डॉ. ज्योत्सना चांदवानी, डॉ. महेश मेहता, ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर घनश्याम जोशी और राजेंद्र राठौड़ के साथ-साथ मेडिकल व नर्सिंग कॉलेज के संकाय सदस्यों एवं रेजीडेंट चिकित्सकों के सक्रिय सहयोग से किया गया।
प्राचार्य डॉ. अनिल सामरिया की अपील:
“अंगदान एक महान और जीवनदायी कार्य है। मैं सभी नागरिकों, सामाजिक संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों से अपील करता हूँ कि वे इस राष्ट्रव्यापी जन-जागरूकता अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाएं। समाज को इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित करें और अधिक से अधिक लोगों को अंगदान का संकल्प लेने के लिए आगे लाएं।”


