
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 9 अगस्त : भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिला कांग्रेस प्रधान मेवा सिंह ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को ऐसा संविधान दिया, जिसमें हर नागरिक को समान अधिकार मिले हैं। आज संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। मेवा सिंह ने कहा कि देश की आजादी और लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए किसानों, मजदूरों, नौजवानों और आम लोगों ने बड़ी-बड़ी कुर्बानियां दी हैं। आज जब किसान अपने अधिकारों और नौजवान रोजगार की मांग को लेकर आवाज उठाते हैं तो उन्हें लाठियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि नौजवान अब जागरूक हो चुका है और वह अपने अधिकारों को समझता है। किसान और व्यापारी वर्ग महंगाई, आर्थिक दबाव और परेशानियों से जूझ रहा है। प्रदेश में कानून- व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए मेवा सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में अपराध और लूटपाट की घटनाओं से आम आदमी परेशान है। मेवा सिंह ने कहा कि राहुल गांधी लगातार देश के हर वर्ग की लड़ाई लड़ रहे हैं। किसान, मजदूर, व्यापारी, युवा और आम नागरिकों की आवाज को मजबूती से उठाने का काम कांग्रेस कर रही है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम जनता से कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि देश का युवा और आम नागरिक संविधान, लोकतंत्र और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए जागरूक होकर आगे आए। संघर्ष लंबा हो सकता है, लेकिन जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अशोक अरोड़ा ने कहा कि महात्मा गांधी के नेतृत्व में देश के करोड़ों लोगों ने अंग्रेजों के खिलाफ भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लिया था। कांग्रेस पार्टी ने देश की आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि आजादी आसानी से नहीं मिली, बल्कि इसके लिए देशवासियों ने लंबे समय तक संघर्ष और बलिदान दिए। अशोक अरोड़ा ने कहा कि आज देश के सामने लोकतंत्र, संविधान और युवाओं के भविष्य से जुड़ी नई चुनौतियां खड़ी हैं। संघर्ष कभी व्यर्थ नहीं जाता और आज का युवा ही आने वाले समय में बदलाव की नींव रखेगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार युवाओं, किसानों और आम लोगों के मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।जिला कांग्रेस प्रधान मेवा सिंह ने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस का प्रचार-प्रसार तेज करने और जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया।
जिला कांग्रेस कार्यालय में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मेवा सिंह कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए।


