
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : एकता नगर स्थित मोहन आई हॉस्पिटल के निकट प्रस्तावित नाली निर्माण को लेकर शिकायतकर्ता आशीष जौहरी ने नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य एवं बरेली मेयर डॉ. उमेश गौतम को ज्ञापन सौंपकर नाली निर्माण से पहले सड़क की चौड़ाई और आसपास के कथित अतिक्रमण की निष्पक्ष जांच की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि संबंधित मार्ग की स्वीकृत चौड़ाई अभिलेखों एवं स्वीकृत नक्शे के अनुसार करीब 9 मीटर है। आरोप है कि सड़क के एक ओर कुछ मकानों के आगे विस्तार के चलते सड़क की भूमि पर कथित अतिक्रमण किया गया है। शिकायतकर्ता ने पूर्व में चिन्हित अतिक्रमणों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा सड़क की स्वीकृत चौड़ाई सुरक्षित रखते हुए ही नाली निर्माण कराने की मांग की। साथ ही पवन अस्पताल के सामने एवं आसपास अस्पताल की ओर से किए गए कथित अतिक्रमण की भी जांच की मांग की गई।
ज्ञापन के बाद नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण एवं जांच-पड़ताल की। इस दौरान अतिक्रमण किए गए बताए जा रहे मकानों के आगे निशान लगाए गए। पवन अस्पताल के दोनों ओर भी कथित अतिक्रमण को चिन्हित करते हुए निशान लगाए गए। अब सभी की निगाहें नगर निगम की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
शिकायतकर्ता आशीष जौहरी का कहना है कि बिना अतिक्रमण हटाए नाली निर्माण कराया गया तो सड़क की चौड़ाई कम होने की पूरी संभावना है, जिससे भविष्य में क्षेत्रवासियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में नाली निर्माण से पहले अतिक्रमण की निष्पक्ष जांच और नियमानुसार कार्रवाई जरूरी है।
ज्ञापन देने वालों में राजीव कुमार अग्रवाल, ममता बंसल, श्रीया भट्ट, बबली भट्ट, सविता, बंटी मेहरोत्रा, वैशाली, हर्ष, मनोज कुमार, श्रेय, सपना सहित अन्य कॉलोनीवासी शामिल रहे।


