
हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक दूरभाष – 9416191877
संवाददाता – विनायक कौशिक।
योगाश्रम मिर्जापुर में साधकों को हड्डी व जोड़ों के रोगों के योग द्वारा उपचार की क्रियाएं करवाई।
कुरुक्षेत्र ,30 अगस्त : भारतीय योग संस्थान (पंजीकृत) की हरियाणा प्रांत इकाई के तत्वावधान में योगाश्रम मिर्जापुर में मासिक सामूहिक साधना सत्र का आयोजन किया गया जिसमें विभिन्न हड्डी व जोड़ों से संबंधित रोगों के योग द्वारा उपचार की क्रियाएं करवाई गई। ओम ध्वनि व गायत्री मंत्र उच्चारण के पश्चात संस्थान के प्रांतीय संगठन मंत्री एवं प्रेस प्रवक्ता गुलशन कुमार ग्रोवर ने स्वस्थ हड्डियों व जोड़ों का महत्व बताते हुए विभिन्न हड्डी व जोड़ों से संबंधित रोगों का योग द्वारा उपचार करने के लिए उपस्थित साधकों को कुछ विशेष यौगिक क्रियाएं करवाई । इन क्रियाओं में पादांगुलि नमन क्रिया, टखना नमन क्रिया, टखना चक्र क्रिया, गुल्फ घूर्णन क्रिया, घुटना नमन क्रिया, घुटना झूलन क्रिया, अर्ध तितली आसन, कुल्हा चक्र क्रिया, कूल्हा चाल क्रिया, खुली चौकड़ी लगाकर भू नमन क्रिया, घुटना नमन क्रिया, योग मुद्रा सहित कई अन्य क्रियाएं सम्मिलित रही। सभी उपस्थित साधकों ने इस विशेष नवाचार सत्र में करवाई गई यौगिक उपचार क्रियाओं का अपने- अपने शरीर पर पड़े प्रभाव का अनुभव किया। साथ ही साधकों को हास्य- आसन एवं भ्रामरी प्राणायाम भी करवाया गया। उपस्थित साधकों को संबोधित करते हुए संगठन मंत्री गुलशन कुमार ग्रोवर ने बताया कि हमारे शरीर का कंकाल 206 हड्डियों से मिलकर बनता है। जितनी हमारी हड्डियां मजबूत होगी उतना ही हमारा कंकाल मजबूत बनेगा। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति के लिए अपनी हड्डियों व जोड़ों को स्वस्थ रखना बहुत आवश्यक है। अनियमित दिनचर्या, काम का दबाव, दूषित खानपान, खड़े होने, बैठने व लेटने की गलत विधियों इत्यादि के कारण आजकल बढ़ रहे हड्डियों व जोड़ों के रोग समाज को पंगु बना रहे हैं। उन्होंने बताया कि अपनी दिनचर्या, खान-पान, खड़े होने, बैठने व लेटने के तरीके में सुधार करके तथा कुछ साधारण सी यौगिक क्रियाएं करके इन दुष्प्रभावों से बचा जा सकता है। उन्होंने बताया कि भारतीय योग संस्थान अपने सभी निशुल्क योग साधना केंद्रों पर सभी साधकों को यह क्रियाएं करवाता है।
कोई भी व्यक्ति संस्थान के निशुल्क योग साधना केंद्रों पर जाकर योगाभ्यास करके स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर सकता है। उन्होंने आगे बताया कि जिस प्रकार हम प्रतिदिन भोजन करते हैं उसी प्रकार प्रतिदिन योग भी करना चाहिए। इसलिए भारतीय योग संस्थान के सभी निशुल्क योग साधना केंद्रों पर वर्ष में सभी 365 दिन योग साधना करवाई जाती है । ओम ध्वनि व शांति पाठ के साथ सत्र का सुंदर समापन हुआ।
इस विशेष सत्र में मनीराम सैनी, भीमराज सैनी, महेंद्र गुप्ता, सेवा सिंह, नाहर सिंह, लाजपत गोयल,
सतबीर वर्मा, सुनील सैनी, रतीराम, चानन सिंह, जय भगवान इत्यादि के अतिरिक्त कई अन्य साधक उपस्थित थे ।
भारतीय योग संस्थान के योगाश्रम मिर्जापुर में विशेष सामूहिक योग सत्र में हास्य- आसन करते हुए साधक गण।


