विश्व के जिस नागरिक ने जीवंत महाभारत देखनी है वो कुरुक्षेत्र के महाभारत अनुभव केंद्र ज्योतिसर में आए: नायब सिंह सैनी

विश्व के जिस नागरिक ने जीवंत महाभारत देखनी है वो कुरुक्षेत्र के महाभारत अनुभव केंद्र ज्योतिसर में आए: नायब सिंह सैनी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर तीर्थ पर की पूजा अर्चना। महाभारत अनुभव केंद्र का किया निरीक्षण।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगभग 17 एकड़ में फैले महाभारत अनुभव केंद्र का किया था उद्घाटन।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उपायुक्त कुरुक्षेत्र विश्राम कुमार मीणा को दिए आवश्यक दिशा निर्देश।
भगवान श्री कृष्ण ने कुरुक्षेत्र की धरती पर रखे थे अपने चरण और मानव जाति के कल्याण के लिए दिया था श्रीमद् भागवत गीता का उपदेश।
धान खरीद के सीजन में किसानों को नहीं आने दी जाएगी कोई समस्या।

कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 4 सितंबर : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि विश्व का कोई भी नागरिक यदि महाभारत की कथा को आधुनिक तकनीक के जरिए अपने सामने जीवंत देखना चाहते हैं, तो वो कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर स्थित महाभारत अनुभव केंद्र में आएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस महाभारत अनुभव केंद्र का उद्घाटन किया था। महाभारत और भगवद्गीता की समृद्ध विरासत को समर्पित यह महाभारत अनुभव केंद्र हरियाणा के साथ-साथ देश के प्रमुख सांस्कृतिक एवं पर्यटन स्थलों में अपनी पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शुक्रवार को ज्योतिसर के महाभारत अनुभव केंद्र में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ज्योतिसर तीर्थ पर माथा टेका, विधि पूर्वक पूजा अर्चना करके प्रदेश की सुख शांति और समृद्धि की कामना की। मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण व राधा बने बच्चों को प्यार दिया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महाभारत अनुभव केंद्र का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा को कुछ आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसके पश्चात मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गीता ज्ञान संस्थानम् परिसर में श्री राधा कृष्ण मंदिर में पूजा अर्चना की और भगवान कान्हा को झूला झुलाया। यहां पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। इसके अलावा पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा व भाजपा के जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, व भाजपा नेता जय भगवान शर्मा को भी अंगवस्त्र भेंट किए।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महाभारत अनुभव केंद्र का उद्देश्य महाभारत की महाकाव्य कथा और भगवद्गीता की कालजयी शिक्षाओं को पारंपरिक कहानी कहने और आधुनिक तकनीक के मेल से लोगों तक पहुंचाना है। भगवान कृष्ण द्वारा अर्जुन को भगवद्गीता देने से पारंपरिक रूप से जुड़ी पवित्र भूमि ज्योतिसर में विकसित यह केंद्र सांस्कृतिक व्याख्या, अनुभवात्मक शिक्षा और विरासत पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण स्थल है। यहां पर ही भगवान श्रीकृष्ण के चरण पड़े थे और उन्होंने विश्व के मानव जाति के कल्याण के लिए श्रीमद्भगवद्गीता का उपदेश दिया था।
उन्होंने कहा कि यह केंद्र लगभग 17 एकड़ में फैला हुआ है और इसमें एक लाख वर्ग फुट से अधिक इनडोर स्थान है। यहां महाभारत के महत्वपूर्ण प्रसंगों को जीवंत बनाने के लिए ऑगमेंटेड रियलिटी (एआर), यूवी लेजर तकनीक, प्रोजेक्शन मैपिंग, होलोग्राफिक प्रस्तुतियों और इमर्सिव विजुअल एक्सपीरियंस जैसी उन्नत तकनीकों का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की इमर्सिव गैलरियों में महाभारत की महत्वपूर्ण घटनाओं, पात्रों और दार्शनिक विषयों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया है। पारंपरिक कथा और आधुनिक तकनीक का यह मेल आगंतुकों को महाभारत की कथा को एक व्यापक और अनुभवात्मक तरीके से समझने का अवसर देता है। इसकी गैलरियां तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों और परिवारों को ध्यान में रखकर तैयार की गई हैं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महाभारत अनुभव केंद्र भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत की समकालीन प्रस्तुति करता है। इसके माध्यम से महाभारत और भगवद्गीता के दर्शन को आधुनिक माध्यम से लोगों के सामने रखने के साथ कुरुक्षेत्र को आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और विरासत पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में भी कदम बढ़ाया गया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार लगातार केंद्र सरकार के संपर्क हैं। किसानों की धान की खरीद भी की जाएगी। जिस धान की फसल में ज्यादा नमी होती है, उससे आढ़ती, एजेंसी को समस्या होती है। निर्धारित नमी के पैरामीटर के तहत धान को लेकर आएं। किसानों को फसल खरीद के सीजन में किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी।
इस मौके पर हरियाणा के पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, भाजपा के जिला अध्यक्ष रमेश सैनी, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, मीडिया कोऑर्डिनेटर तुषार सैनी, चेयरमैन रविंद्र सांगवान, प्रधान जितेंद्र खैरा सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

VV NEWS

राष्ट्रीय कार्यालय रमाकान्त पाण्डेय(गोपालपुरी) संरक्षक/संस्थापक ग्राम व पोस्ट- गोपालपुर (टावर) थाना व तहसील- मेहनगर जिला-आजमगढ़, उत्तर प्रदेश पिंन कोड़-276204 मोबाईल-9838825561,7054825561 हेंड कार्यालय/प्रशासनिक कार्यालय जितेंद्र पटेल (प्रमुख संपादक/प्रशासनिक संपादक) ग्राम व पोस्ट- 495668 थाना व तहसील-जांजगीर जिला-जांजगीर (छत्तीसगढ) पिंन कोड़-495668 मोबाईल-6265564514

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

शिक्षक शैक्षणिक संस्थान की आधारशिला : प्रो. सोमनाथ सचदेवा

Fri Sep 4 , 2026
शिक्षक दिवस पर कुवि ने घोषित किए ‘बेस्ट रिसर्च अवार्ड। कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 4 सितंबर : कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा ने शोध, नवाचार एवं अकादमिक उत्कृष्टता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए बेस्ट रिसर्च अर्वार्ड-2025 की घोषणा की है।कुलगुरु प्रो. […]

You May Like

advertisement