
रि-नीट परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने हेतु प्रशासनिक तैयारियां पूरी, 21 जून को 06 केंद्रों पर होगी परीक्षा
रायबरेली, 18 जून 2026 | रिपोर्टर विपिन राजपूत
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित रि-नीट परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, प्रश्नपत्रों की गोपनीयता, बिजली, पेयजल, स्वच्छता तथा चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने बताया कि रि-नीट परीक्षा 21 जून 2026 (रविवार) को प्रथम पाली में अपराह्न 2:00 बजे से सायं 5:15 बजे तक जनपद के 06 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा में कुल 2718 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर लिया जाए तथा यदि किसी केंद्र पर व्यवस्थाओं में कोई कमी हो तो उसे समय रहते दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए परीक्षा को पूरी शुचिता एवं पारदर्शिता के साथ सम्पन्न कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि परीक्षार्थियों के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। परीक्षा केंद्रों, प्रमुख मार्गों एवं बस स्टॉपों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहे।
बैठक में यह भी बताया गया कि जनपद में 10 जुलाई 2026 तक भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 के अंतर्गत निषेधाज्ञा लागू है, जिसके मद्देनजर परीक्षा के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहदेव मिश्र, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विशाल कुमार यादव, अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह, नगर मजिस्ट्रेट राम अवतार, समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


