खाद्य सुरक्षा विभाग की लापरवाही से सड़े-गले फल बेचने का आरोप, सीबीगंज क्षेत्र की जनता परेशान

बरेली। थाना सीबीगंज क्षेत्र की बड़ी बाजार, रामपुर रोड पर ठेले पर खुलेआम सड़े-गले फल ऊंचे दामों में बेचे जा रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों का आरोप है कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की अनदेखी के कारण आम जनता की सेहत से खिलवाड़ हो रहा है।
सरकार द्वारा स्वच्छ एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही दिखाई दे रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ठेले वाले खराब और सड़े फल काली पॉलिथीन में भरकर ग्राहकों को दे देते हैं। जब ग्राहक घर पहुंचकर फल देखते हैं तो एक किलो में आधे से ज्यादा फल खराब निकलते हैं।
एक गरीब मजदूर ने बताया कि उसने एक किलो फल खरीदे, लेकिन उनमें से केवल आधे ही खाने योग्य निकले। जब वह फल वापस करने पहुंचा तो ठेले वाले ने विवाद करना शुरू कर दिया और साफ तौर पर कहा कि “हम ऐसे ही फल बेचते हैं, तुम हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकते।”
मजदूर का आरोप है कि संबंधित विभागीय अधिकारी भी समय-समय पर क्षेत्र में आते हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं करते। फल विक्रेता ने फल वापस लेने से इनकार कर दिया और यहां तक कह दिया कि “जाकर नाले में फेंक दो।” निराश मजदूर ने सड़े-गले फल नाले में फेंक दिए और मायूस होकर लौट गया।



