
(पंजाब) फिरोजपुर/ममदोट {कैलाश शर्मा जिला विशेष संवाददाता}=
फिरोजपुर के बाद खाई, जीरा और कोटकपूरा जैसे क्षेत्रों में धर्म और सेवा की जड़ें मजबूत करने के बाद, अमृतवेला सोसायटी ने अब ममदोट में अपनी आध्यात्मिक गतिविधियों का विस्तार किया है। शनिवार को ममदोट के अभिषेक सहगल परिवार में आयोजित मांगलिक उत्सव के दौरान अमृत वेला सोसायटी के सदस्यों ने पहुँचकर वातावरण को भक्तिमय कर दिया।
विवाह के शुभ अवसर पर अमृतवेला सोसायटी के सदस्यों ने मधुर स्वर में 'मंगल बधाइयाँ' गाकर परिवार को अपनी शुभकामनाएँ दीं। इसके उपरांत आयोजित विशेष सत्संग में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति में अमृतवेला सदस्यों ने प्रभु की महिमा का गुणगान किया। संकीर्तन की गूँज ने पूरे क्षेत्र को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
सहगल परिवार में हरि संकीर्तन करते हुए सोसायटी के सदस्यों ने जन-जन को 'कपिध्वजा' (हनुमान जी की ध्वजा) की महिमा और उसके महत्व के बारे में विस्तार से बताया। इस अवसर पर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया और विधि-विधान से आरती कर विश्व शांति की कामना की गई।
सहगल परिवार द्वारा फिरोजपुर से आए अमृतवेला सोसायटी के सदस्यों का प्रेमपूर्वक स्वागत किया गया। अभिषेक सहगल ने कहा कि जिस प्रकार यह संस्था पूरे फिरोजपुर जिले में सनातन संस्कृति और धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए दिन-रात सेवा कर रही है, वह समस्त समाज के लिए प्रेरणादायक है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित संगत को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर अनमोल सहगल, अभिषेक सहगल, संदीप कुमार, प्रेम कपूर, समस्त सहगल परिवार, कक्कड़ परिवार, कपूर परिवार, समस्त अमृतवेला परिवार और अधिक संख्या में बच्चे और बुजुर्ग उपस्थित थे।


