
आजमगढ़: ‘माफिया वैभव 50’ गैंग संचालक गिरफ्तार, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद
आजमगढ़ जनपद में अपराधियों और सोशल मीडिया के माध्यम से दहशत फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन वज्रपात’ के तहत थाना रानी की सराय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इंस्टाग्राम पर ‘माफिया वैभव 50’ नाम से गैंग संचालित करने वाले युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, उक्त इंस्टाग्राम अकाउंट से लगातार ऐसे वीडियो पोस्ट किए जा रहे थे, जिनमें अवैध असलहों का प्रदर्शन और फायरिंग दिखाई गई थी। वीडियो वायरल होने के बाद आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल उत्पन्न होने लगा। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपित की पहचान सुनिश्चित की।
उपनिरीक्षक सूरज तिवारी की तहरीर पर 16 जून 2026 को थाना रानी की सराय में मु.अ.सं. 163/2026 के तहत धारा 9/25 आयुध अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना में यह तथ्य सामने आया कि वीडियो में दिखाई देने वाला युवक अवैध हथियार का प्रयोग कर रहा था तथा सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी गैंग की छवि बनाकर लोगों में दहशत फैलाने का प्रयास कर रहा था।
इसके बाद पुलिस टीम ने 16 और 17 जून की मध्यरात्रि में मंझगांवा हाईवे से ग्राम नीबी जाने वाली सड़क के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की। रात्रि लगभग 11:44 बजे पुलिस ने वैभव राय (19 वर्ष) पुत्र धनंजय राय निवासी ग्राम नीबी, थाना रानी की सराय को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा और एक जिंदा .315 बोर कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर आरोपित के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन वज्रपात के तहत सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर अपराधी छवि बनाने तथा आमजन में भय का वातावरण उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।


