मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत हरिऔध कला केन्द्र में आयोजित हुई क्षमता संवर्धन कार्यशाला

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत हरिऔध कला केन्द्र में आयोजित हुई क्षमता संवर्धन कार्यशाला

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की महत्वाकांक्षी पहल – जिलाधिकारी

पात्र युवाओं को त्वरित एवं पारदर्शी ढंग से ऋण उपलब्ध कराएं बैंक- जिलाधिकारी

आजमगढ़, 05 अगस्त 2026/

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अन्तर्गत हरिऔध कला केन्द्र, आजमगढ़ में आयोजित एक दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना, उन्हें मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान सहित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना तथा बैंकिंग प्रणाली से जोड़कर उद्यम स्थापना के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान प्रदेश सरकार की अत्यंत महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके माध्यम से 21 से 40 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं को बिना गारंटी एवं ब्याज मुक्त ऋण के रूप में 5 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इस योजना का उद्देश्य युवाओं को रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार उपलब्ध कराने वाला उद्यमी बनाना है।

उन्होंने कहा कि जनपद आजमगढ़ में इस योजना की अपार संभावनाएं हैं और अधिक से अधिक युवाओं को इससे जोड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के प्रारम्भ होने के बाद से जनपद आजमगढ़ में 5 हजार से अधिक युवाओं को ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है, जो पूरे प्रदेश में सर्वाधिक है। यह उपलब्धि जनपद के लिए गर्व का विषय है, किन्तु अभी भी बड़ी संख्या में पात्र युवा योजना का लाभ लेने से वंचित हैं। इसी उद्देश्य से यह क्षमता संवर्धन कार्यशाला आयोजित की गई है।

जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यशाला में राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), पॉलिटेक्निक, महाविद्यालयों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को आमंत्रित किया गया है, ताकि वे स्वरोजगार के अवसरों को समझ सकें। साथ ही जनपद के सभी प्रमुख बैंकों एवं उनके प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है, जिससे युवा सीधे बैंक अधिकारियों से संवाद स्थापित कर सकें और ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरलता से समझ सकें।

उन्होंने बैंकर्स से अपील करते हुए कहा कि जो भी आवेदक योजना की पात्रता की शर्तों को पूरा करते हैं, उनके आवेदन पत्रों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जिन आवेदनों को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है, उनका ऋण वितरण भी तत्काल कराया जाए, ताकि युवा बिना अनावश्यक विलम्ब के अपना उद्यम स्थापित कर सकें।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिकाधिक पात्र युवाओं को योजना से जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि योजनान्तर्गत ऋण वितरण के लक्ष्य को समयबद्ध ढंग से पूर्ण किया जाए तथा प्रत्येक पात्र युवा तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए विभागीय स्तर पर सतत प्रयास किए जाएं।

उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे योजना के अंतर्गत जिस उद्देश्य के लिए ऋण प्राप्त करें, उसका उपयोग उसी कार्य में करें तथा पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से अपने उद्यम का संचालन करें। यदि युवा योजनाबद्ध ढंग से व्यवसाय प्रारम्भ करेंगे तो वे न केवल आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनेंगे, बल्कि अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अतिरिक्त केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित अन्य स्वरोजगार योजनाओं का भी लाभ उठाया जाना चाहिए। विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध वित्तीय सहायता एवं प्रशिक्षण का उपयोग कर युवा अपने कौशल के अनुरूप उद्योग, सेवा अथवा व्यवसाय स्थापित कर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

कार्यशाला में उपायुक्त उद्योग आशुतोष श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के उद्देश्य, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, ऋण स्वीकृति, बैंकिंग प्रक्रिया एवं विभागीय सहायता की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे योजना का अधिकाधिक लाभ उठाकर स्वरोजगार अपनाएं तथा दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करें।

कार्यक्रम में विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधकों एवं बैंक प्रतिनिधियों ने भी प्रतिभाग करते हुए ऋण वितरण प्रक्रिया, बैंकिंग औपचारिकताओं एवं उद्यम स्थापना से संबंधित आवश्यक जानकारी साझा की तथा युवाओं के प्रश्नों का समाधान किया।

इस अवसर पर सहायक आयुक्त उद्योग प्रभात रंजन, एलडीएम यूबीआई अभिषेक द्विवेदी, विभिन्न बैंकों के क्षेत्रीय प्रबंधक, बैंक प्रतिनिधि, कनिष्ठ सहायक उद्योग विभाग सुमित श्रीवास्तव, संबंधित विभागों के अधिकारी, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

VV NEWS

राष्ट्रीय कार्यालय रमाकान्त पाण्डेय(गोपालपुरी) संरक्षक/संस्थापक ग्राम व पोस्ट- गोपालपुर (टावर) थाना व तहसील- मेहनगर जिला-आजमगढ़, उत्तर प्रदेश पिंन कोड़-276204 मोबाईल-9838825561,7054825561 हेंड कार्यालय/प्रशासनिक कार्यालय जितेंद्र पटेल (प्रमुख संपादक/प्रशासनिक संपादक) ग्राम व पोस्ट- 495668 थाना व तहसील-जांजगीर जिला-जांजगीर (छत्तीसगढ) पिंन कोड़-495668 मोबाईल-6265564514

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

Breaking News

advertisement