नशे की तस्करी और कारोबार करने वालों को पकडऩे के लिए पिहोवा क्षेत्र में गठित होगी विशेष पुलिस टीम : चंद्रमोहन

कुरुक्षेत्र जिले में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाने के लिए किए जाएंगे प्रयास, युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की जरूरत।
अभिभावकों से की अपील नाबालिक को ना दे वाहन, लोगों के सहयोग के साथ कुरुक्षेत्र जिले में बनाई जाएगी बेहतर कानून व्यवस्था।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक/संजीव कुमारी 3 अप्रैल : पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन ने कहा कि पंजाब से सटे इलाकों में अभी भी नशे की तस्करी और कारोबार चल रहा है। इससे पिहोवा और आस पास के क्षेत्र के युवा नशे की लत में रम चुके है। इन युवाओं के भविष्य को सुधारने के लिए और नशा कारोबारों पर शिकंजा कसने के लिए पिहोवा क्षेत्र के लिए एक ऐसी पुलिस टीम का गठन किया जाएगा जो पूरी ईमानदारी और सच्ची निष्ठा के साथ अपनी डयूटी का निर्वहन करेगी।
पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन शुक्रवार को देर सायं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन ने अपने 11 साल के कार्यकाल के अनुभवों को पत्रकारों के साथ साझा करते हुए कहा कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर सभी को अपना कर्म करना चाहिए। इसी पावन धरा पर ही भगवान श्रीकृष्ण ने दुनिया को कर्म करने का संदेश दिया था। एसपी ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि शहर के साथ-साथ कुरुक्षेत्र जिले में जहां-जहां ट्रैफिक जाम की समस्या है वहां-वहां समस्या को ठीक किया जाएगा और ट्रैफिक पुलिस के साथ साथ अतिरिक्त पुलिस कर्मचारियों की भी डयूटी लगाई जाएगी। इस शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाने के लिए सबसे ज्यादा आम नागरिक का सहयोग जरूरी होगा।
एसपी ने कहा कि लोगों को अपना नैतिक दायित्व निभाते हुए पार्किंग स्थल पर ही अपने वाहनों को पार्क करना होगा और सडक़ों पर वाहन पार्क करने से गुरेज करना होगा। इसके साथ ही गेहूं के सीजन के दौरान शहर की मुख्य सडक़ों और मंडियों व खरीद केन्द्रों के पास अतिक्रमण को हटाना होगा। इस सीजन में मंडियों और खरीद केन्द्रों पर पुलिस की पैनी निगाहें रहेंगी ताकि सुरक्षा व्यवस्था में सीजन के दौरान कोई चूक ना हो सके। उन्होंने एक प्रश्न का जवाब देते हुए कहा कि धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र के साथ साथ पिहोवा एरिया में नशे के कारोबार को बंद करने और तस्करी को रोकने के लिए उनका विशेष फोकस रहेगा। इस दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा सम्बन्धित विभागों के साथ मिलकर नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। इस जागरूकता अभियान के दौरान उनका फोकस युवा पीढ़ी पर ज्यादा रहेगा।
उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र जिले से अधिकतर लोग विदेशों में रहते है और युवा पीढ़ी विदेश जाने के लिए उत्सुक रहती है, ऐसे में विदेश भेजने वाले एजेंटों की एक मीटिंग बुलाई जाएगी और उनसे अपील की जाएगी कि सरकार के नियमानुसार अपना पंजीकरण करवाएं ताकि रोजाना विदेश भेजने के नाम पर पैसे एंठेने की केसों में कमी लाई जा सके। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र जिले में बड़े उत्सव और मेलों का आयोजन रहता है और इस दौरान वीवीआईपी मूवमेंट भी ज्यादा रहती है। ऐसे कार्यक्रमों के दौरान पुलिस प्रशासन का प्रयास रहेगा कि कानून व्यवस्था बनाएं रखने के साथ-साथ आम नागरिक को भी किसी प्रकार की कोई दिक्कत ना आए।
एसपी ने यह भी कहा कि कुरुक्षेत्र जिले के हर पुलिस अधिकारी और कर्मचारी को सेवा भाव से अपनी डयूटी का पूरी ईमानदारी के साथ निर्वहन करना होगा। इस जिले में पुलिस और आम नागरिक के बीच सौर्हादपूर्ण माहौल बनाने और आपसी तालमेल बनाने का प्रयास किया जाएगा ताकि लोग बेझिझक अपनी बात पुलिस प्रशासन के समक्ष रख सके।




