Uncategorized

प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जमींफरेंदा एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बनकट का मुख्य चिकित्साधिकारी ने किय निरीक्षण

आजमगढ़।
मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेला कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा द्वारा विकासखंड बिलरियागंज स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जमींफरेंदा एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बनकट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों स्वास्थ्य केन्द्रों पर साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। चिकित्सकीय एवं सहायक स्टाफ की उपस्थिति निर्धारित मानकों के अनुरूप रही तथा दवाओं के भंडारण एवं रख-रखाव की स्थिति भी सुचारु पाई गई।
मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेला के अंतर्गत जनपद में कुल 77 मेलों का आयोजन किया गया, जिनमें 82 चिकित्सक एवं 265 पैरामेडिकल कर्मियों द्वारा स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। इन मेलों के माध्यम से कुल 2605 मरीजों का पंजीकरण किया गया, जिनमें 1180 पुरुष, 1136 महिलाएं एवं 289 बच्चे शामिल रहे। मरीजों को पंजीकरण, जांच, उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई गई।
रिपोर्ट के अनुसार मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेला के दौरान 278 मधुमेह, 262 गैस्ट्रो, 242 श्वसन रोग, 246 त्वचा रोग, 120 उच्च रक्तचाप, 52 यकृत रोग, 37 एनीमिया, 9 क्षय रोग के मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया। इसके साथ ही 117 कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। कोविड-19 हेल्प डेस्क पर 231 मरीजों की जांच की गई तथा गंभीर अवस्था वाले 7 मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए संदर्भित किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बनकट, विकासखंड बिलरियागंज में तैनात एनएमए हिमांशु सिंह अनुपस्थित पाए गए, जिस पर मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा दो दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं तथा भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही न होने की सख्त चेतावनी दी गई है।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेला शासन की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य आमजन को उनके निकटतम स्वास्थ्य केन्द्र पर सुलभ, निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। जनपद में आयोजित मेलों के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को लाभ मिल रहा है। सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ आमजन की सेवा करें तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel