मुख्यमंत्री द्वारा पीएम आवास योजना (शहरी)2.0 के अंतर्गत प्रदेश के 90 हजार लाभार्थियों को 900 करोड़ की प्रथम किस्त की गयी जारी

दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने आज प्रधानमंत्री आवास योजना(शहरी) 2.0 के अंतर्गत प्रदेश के 90,000 लाभार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से प्रथम किस्त 900 करोड़ रुपए की अनुदान राशि का अंतरण किया गया ।
कार्यक्रम का सजीव प्रसारण मा0 विधान परिषद सदस्य बहोरन लाल मौर्य, मा0 विधायक बिथरी चैनपुर डॉ0 राघवेन्द्र शर्मा, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, अपर नगर आयुक्त शशि भूषण सिंह, परियोजना अधिकारी डूडा/अपर उप जिलाधिकारी सदर रामजनम यादव सहित लाभार्थियों ने विकास भवन स्थित सभागार में देखा और सुना गया।
कार्यक्रम में जनपद के 3058 लाभार्थियों को प्रथम किस्त के रूप में रुपए 1,00,000 (एक लाख रुपये) की धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की गई।
इस अवसर पर मा0 विधान परिषद सदस्य ने उक्त योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 शहरी गरीब एवं पात्र परिवारों को पक्का आवास उपलब्ध कराने की दिशा में एक सशक्त कदम है।
मा0 विधायक ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश सरकार एवं भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है इस योजना के माध्यम से सरकार कृत संकल्परत है कि जो भी पात्र व्यक्ति हैं वह आवास से वंचित नहीं रहने चाहिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि उक्त आवासों में निशुल्क विद्युत कनेक्शन तथा हर घर जल योजना के माध्यम से पीने की पानी की भी सुविधा उपलब्ध करायी जाए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि से पूर्व हमारी मातृशक्ति को यह भेंट दी गयी है। उन्होंने बताया कि 8933 लाभार्थियों को पूर्व में प्रथम किस्त दी जा चुकी है एवं आज उक्त के अतिरिक्त चिन्हित पात्र 3058 लाभार्थियों को प्रथम किस्त दी गयी है। उन्होंने अपर नगर आयुक्त से कहा कि लाभार्थियों को सस्ती और गुणवत्ता निर्माण सामग्री दिलवाने में मदद करें साथ ही निशुल्क विद्युत कनेक्शन कराया जाए।
जिलाधिकारी ने लाभार्थियों से कहा कि कोई भी व्यक्ति यदि आपसे पैसे की मांग करता है तो जिलाधिकारी/ अपर नगर आयुक्त/परियोजना अधिकारी डूडा के कार्यालय में शिकायत कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान किया गया ।




