Breaking Newsछत्तीसगढ़महासमुंद

हर घर जल योजना से ग्राम पाली में घर-घर पहुंचा स्वच्छ पेयजल

हम महिलाओं के लिए घर में ही पानी की सुविधा होना बड़ी सौगात

घर में ही पानी उपलब्ध होने से समय और मेहनत दोनों की बचत हो रही है – खिलेश्वरी

महासमुंद 06 मार्च 2026/ जिले के महासमुंद विकासखंड अंतर्गत ग्राम पाली में कुछ समय पहले तक यहां के ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। गांव में पानी के लिए केवल कुछ हैंडपंप और पावर पंप ही उपलब्ध थे, जिन पर पूरा गांव निर्भर रहता था। गर्मी के मौसम में पानी की समस्या और भी गंभीर हो जाती थी। विशेषकर महिलाओं को दूर-दूर तक जाकर पानी लाना पड़ता था, जिससे उनका काफी समय और श्रम खर्च होता था।
ग्रामीणों की इस समस्या को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा हर घर जल योजना के अंतर्गत ग्राम पाली में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया। योजना के तहत लगभग 69.19 लाख रुपये की लागत से एक ऊँची पानी टंकी का निर्माण किया गया। इसके साथ ही पूरे गांव में लगभग 3143 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई गई और 341 घरों में नल कनेक्शन प्रदान किए गए। गांव में पहले से उपलब्ध 9 हैंडपंप और 10 पावर पंप भी जल स्रोत के रूप में उपयोग किए जा रहे हैं। ग्राम पंचायत के सरपंच श्री भुवनेश्वर लोधी के नेतृत्व और ग्रामवासियों के सहयोग से यह कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण हुआ। इसके बाद से गांव के प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचने लगा। ग्राम पाली में 21 जनवरी 2026 को हर घर जल प्रमाणिकरण भी किया गया, जो गांव के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
इस योजना का सबसे अधिक लाभ गांव की महिलाओं को मिला है। गांव की निवासी खिलेश्वरी बताती हैं कि पहले उन्हें रोजाना पानी लाने के लिए काफी दूर जाना पड़ता था। कई बार पानी के लिए लंबा इंतजार भी करना पड़ता था। अब घर में ही नल के माध्यम से स्वच्छ पानी उपलब्ध हो रहा है, जिससे उनका समय और मेहनत दोनों बच रहे हैं। अब वे अपने परिवार और अन्य कार्यों पर अधिक ध्यान दे पा रही हैं। वास्तव में हम महिलाओं के लिए घर में ही पानी की सुविधा होना महिला दिवस के अवसर पर बड़ा उपहार है। आज ग्राम पाली में हर घर जल योजना के माध्यम से घर-घर स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो रहा है। इसके लिए ग्रामीणों ने शासन एवं जिला प्रशासन का धन्यवाद ज्ञापित किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel