
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं वीर शहीदों के सम्मान के संदेश के साथ मंगलवार को सीबीगंज के वार्ड नंबर 22, खलीलपुर में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले लोगों के भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के जयघोष से पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंग गया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ भाजपा ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरनलाल लोधी एवं मंडल अध्यक्ष अजय मौर्य ने किया। यात्रा वार्ड नंबर 22 खलीलपुर स्थित हनुमान मंदिर से शुरू होकर स्लीपर रोड होते हुए प्राचीन शिव मंदिर, सीबीगंज पहुंची, जहां इसका समापन किया गया।
यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी तिरंगा हाथ में लेकर शामिल हुए। जगह-जगह लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्र की एकता और अखंडता का संदेश दिया। पूरे यात्रा मार्ग पर उत्साह और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर समाजसेवी एवं व्यापारी गौरव गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा के सफल आयोजन पर उपस्थित लोगों ने आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
आयोजक एवं वार्ड नंबर 22 खलीलपुर के पार्षद रचित गुप्ता ने यात्रा में शामिल सभी क्षेत्रवासियों, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा केवल हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर चलने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और वीर शहीदों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का संकल्प है। क्षेत्रवासियों की भारी सहभागिता ने इस यात्रा को ऐतिहासिक और सफल बनाया है।
तिरंगा यात्रा में वरिष्ठ भाजपा नेता राजन श्रीवास्तव, सोमेश्वर शुक्ला, पार्षद वेदराम मौर्य, पार्षद रंजीत बाल्मीकि, पार्षद रामसिंह पाल, उमेश गंगवार, नवीन राघव, भगवान दास शर्मा, मनोज सक्सेना, प्रसून सिंह एवं सागर गुप्ता सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।


