सांसद नवीन जिन्दल की नशामुक्त कुरुक्षेत्र पहल के तहत डी- एडिक्शन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
ब्यूरो चीफ – संजीव कुमारी।
नवीन जिन्दल फाउंडेशन द्वारा भगवान परशुराम कॉलेज में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का कराया गया संकल्प।
कुरुक्षेत्र, 28 जनवरी : सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में बुधवार को कुरुक्षेत्र के सेक्टर 5 स्थित भगवान परशुराम कॉलेज में नशामुक्त कुरुक्षेत्र पहल के अंतर्गत एक डी- एडिक्शन जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र सशक्तिकरण अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसे सांसद नवीन जिन्दल के विजन के अनुसार संचालित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य समाज, विशेषकर युवाओं में नशे के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन लाना है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सिविल अस्पताल से काउंसलर सोनू कटारिया और प्रिंस दलाल ने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नशे की शुरुआती पहचान, समय पर परामर्श लेने और उपचार की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला। साथ ही विद्यार्थियों को राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन की जानकारी दी गई, जिससे जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता ली जा सके। पतंजलि से आए योग प्रशिक्षक श्री बलविंद्र ने विद्यार्थियों को योग एवं सरल व्यायाम का अभ्यास कराया। उन्होंने बताया कि नियमित योग, खेल और शारीरिक गतिविधियाँ नशे से दूर रहने का प्रभावी माध्यम हैं और मानसिक संतुलन बनाए रखने में भी सहायक होती हैं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को स्वस्थ आदतें अपनाने और अनुशासित जीवनशैली जीने के लिए प्रेरित किया गया।
इस बारे में जानकारी देते हुए कॉलेज के प्रिंसिपल शीश पाल ने कहा कि नशामुक्त कुरुक्षेत्र जैसी पहल आज के समय की आवश्यकता है। युवाओं को सही दिशा देना शैक्षणिक संस्थानों की भी जिम्मेदारी है और ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि नशे की समस्या को समय रहते पहचानकर सही परामर्श और सहयोग के माध्यम से इससे बाहर निकला जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर खुलकर बात करें।
कार्यक्रम का समापन सकारात्मक संदेश और संकल्प के साथ हुआ। नशामुक्त कुरुक्षेत्र पहल युवाओं को स्वस्थ, सशक्त और नशामुक्त जीवन की ओर अग्रसर करने का एक मजबूत और सार्थक प्रयास है।
उल्लेखनीय है कि सांसद नवीन जिन्दल ने कैथल गणतंत्र दिवस समारोह में कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र सशक्तिकरण अभियान के शुभारंभ की घोषणा की थी। इस अभियान के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य और जनता हितैषी अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। नशा मुक्त कुरुक्षेत्र कार्यक्रम भी इसी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।




