समय सीमा की साप्ताहिक बैठक : राजस्व प्रकरणों के निराकरण पर जोर

मुख्यमंत्री श्री साय की प्राथमिकता पर तेजी से अमल के निर्देश

प्रतिबंधित समय में भारी वाहनों के शहर मे प्रवेश पर प्रभावी रोक लगाने को भी कहा

कलेक्टर ने विभागीय कामकाजों की समीक्षा की

धमतरी 03 जून 2025/ पिछले लगभग दो माह से चल रहे सुशासन तिहार की व्यस्तता के बाद आज कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने सभी विभागों के अधिकारियों के साथ समय सीमा की साप्ताहिक बैठक ली। इस बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की प्राथमिकता वाले विषय राजस्व प्रकरणों के निराकरण पर जोर दिया। कलेक्टर ने जिले में लंबित राजस्व प्रकरणों को तेजी से निपटाने के लिए विशेष वर्क प्लान बनाकर कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने त्रुटि सुधार के छोटे-छोटे प्रकरणों को दो से तीन सुनवाई के बाद निराकृत करने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर ने राजस्व रिकॉर्ड में नाम में त्रुटि, स्पेलिंग में त्रुटि, नंबर में त्रुटि, पता, छोटे-बड़े नाम जैसी त्रुटियां तहसील स्तर पर ही समय सीमा निर्धारित कर निराकृत करने को कहा। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी त्रुटियों में सुधार के लिए दस्तावेजी प्रमाण हितग्राही द्वारा ही प्रस्तुत किए जाएंगे। इस संबंध में प्रतिवेदन पटवारी एवं आरआई द्वारा जल्द से जल्द प्रस्तुत किया जाए, ताकि तहसील स्तर पर इनका निराकरण हो सके। कलेक्टर ने स्वामित्व योजना के तहत अंतिम प्रकाशन के लिए प्रकरणों की जांच कर उन्हें पूरा करने 10 दिन की समय सीमा निर्धारित की। श्री मिश्रा ने नामांतरण एवं बंटवारा के प्रकरणों को निर्धारित 76 दिनों में प्रक्रिया पूर्ण कर निराकृत करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने बंदोबस्त त्रुटि सुधार के लिए पात्र प्रकरणों को भी जल्द से जल्द निराकृत करने को कहा।
बैठक मे श्री मिश्रा ने पीएम जनमन योजना के तहत सिंगपुर क्षेत्र में बन रहे आवासों की पहली किश्त जारी होने की जानकारी ली और अधिकारियों को इन आवासों का काम जल्द से जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मसानडबरा, पीपराहीभर्री में जनमन योजना के तहत किए जा रहे निर्माण कार्यों को भी शीघ्रता से पूरा कराने को कहा। कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों और उपकेन्द्रों में जरूरत के हिसाब से भवन मरम्मत के प्रस्ताव भी बनाकर शीघ्रता से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। श्री मिश्रा ने मगरलोड सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में संस्थागत प्रसव और सीजेरियन प्रसव के लिए अतिरिक्त डॉक्टर की आवश्यकता अनुसार व्यवस्था करने के निर्देश भी सीएमएचओ डॉ.कौशिक को दिए, ताकि एक डॉक्टर के अवकाश या किसी अन्य कारण से अनुपस्थित रहने पर भी लोगों को इसकी सुविधा मिल सके।
श्री मिश्रा ने चालू खरीफ मौसम में शुरूआती बारिश के बाद खेती की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में बीज-खाद का भण्डारण समितियों में सुनिश्चित करने के निर्देश कृषि और विपणन बोर्ड के अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया कि समितियों में बीज-खाद लेने आने वाले किसानों का एग्रीस्टैक पोर्टल पर पंजीयन भी कराया जाए।
प्रतिबंधित समय में भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर लगेगी रोक, उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने प्रतिबंधित समय में शहर की अंदर के सड़कों पर हाईवा, ट्रक जैसे भारी वाहनों की आवाजाही को रोकने के लिए जिला परिवहन अधिकारी को सख्त निर्देश दिए। शहर की सड़कों पर भारी वाहनों का आवागमन सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक प्रतिबंधित है। शहर में भारी वाहन रात 10 बजे के बाद से सुबह 8 बजे के पहले तक ही आ सकते हैं। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि भारी वाहनों को निर्धारित समय में ही शहर की सड़कों पर प्रवेश दिया जाए। प्रतिबंधित समय में वाहनों का धमतरी शहर के अंदर प्रवेश रोकने के लिए कर्मचारियों की उचित स्थानों पर ड्यूटी लगाई जाए। प्रतिबंधित समय में शहर में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने कहा कि प्रतिबंधित समय में ऐसे भारी वाहनों के शहर की सड़कों पर चलने से सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है और कानून व्यवस्था की स्थिति बन जाती है। ऐसी विपरीत परिस्थितियों से निपटने के लिए बड़े भारी वाहनों को प्रतिबंधित समय में शहर के अंदर आने से रोकना ही एकमात्र समाधान है और इसे सख्ती से लागू किया जाना चाहिए। उन्होंने इसके लिए जिले के ट्रांसपोर्ट संघों और वाहन संचालकों से भी बात करने के निर्देश जिला परिवहन अधिकारी को दिए।
आमदी-रूद्री जैसी डायरिया प्रभावित जगहों पर जलस्त्रोतों की जांच और पानी टंकी की सफाई के निर्देश
बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने जिले में मौसमी बीमारियों से प्रभावित क्षेत्रों की भी जानकारी सीएमएचओ डॉ.कौशिक और डीपीएम से ली। उन्होंने हर साल डायरिया, पीलिया जैसी बीमारियों से लगातार प्रभावित होने वाले स्थानों पर विशेष ऐहतियात बरतने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने आमदी-रूद्री जैसी मौसमी बीमारियों को लेकर संवेदनशील जगहों के जलस्त्रोतों के पानी की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए। खराब या बैक्टीरिया युक्त पानी पाए जाने पर स्त्रोतों को पीने योग्य नहीं घोषित कर बंद करने को भी कहा। उन्होंने सभी जलस्त्रोंतों के आसपास साफ-सफाई रखने, पानी की टंकियों की सफाई कराने, पाईपलाईनों के लीकेज ठीक करने और जलस्त्रोतों का क्लोरिनेशन कराने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए। कलेक्टर ने कंजेक्टिवायटिस से भी सावधान रहने और सतत् निगरानी रखने को कहा।
कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए होगी पहल, कार्यालयों में लगेंगे शिविर
कलेक्टर श्री अबिनाश मिश्रा ने शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों की समस्याओं पर भी विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए कार्यालयों में विशेष शिविर लगाने की पहल की है। आज समय सीमा की साप्ताहिक बैठक में श्री मिश्रा ने इसके लिए अपर कलेक्टर को निर्देशित किया है। उन्होंने कर्मचारियों की सामान्य भविष्य निधि से जुड़ी समस्याओं, सेवानिवृत्ति पर देय स्वत्वों, अवकाश नगदीकरण, अनुकम्पा नियुक्ति आदि की समस्याओं को निराकृत करने के लिए हर कार्यालय में शिविर लगाने को कहा है। उन्होंने कर्मचारियों की मृत्य उपरांत शासकीय नियमानुसार दी जाने वाली सहायता आदि के बारे में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

V V News Vaashvara

जितेंद्र पटेल छत्तीसगढ़ में रहने वाले एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वे VV News Vaashvara के प्रशानिक सम्पादक हैं, जहां वे निष्पक्ष और जनहित पत्रकारिता को बढ़ावा देते हैं। पुलिस परिवार कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में, वे पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों की समस्याओं को उजागर कर समाधान के लिए सरकार तक पहुंचाते हैं, साथ ही उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा के लिए कई कार्यक्रम चलाते हैं। सूचना का अधिकार के प्रदेश सचिव के रूप में, जितेंद्र पटेल पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में काम करते हैं, जिससे आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं और अधिकारों की जानकारी मिल सके। वे समाज में जागरूकता फैलाने, भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने और जरूरतमंद लोगों की मदद करने के लिए लगातार सक्रिय रहते हैं। उनका मुख्य उद्देश्य समाज में सकारात्मक बदलाव लाना और हर वर्ग की आवाज को मंच देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

आयुष्मान आरोग्य मंदिर में 4 जून को ’दाई-बाबा दिवस’ मनाया जाएगा

Tue Jun 3 , 2025
धमतरी 03 जून 2025/ प्रदेश में आम लोगों के बेहतर स्वास्थ्य और बुजुर्गों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रत्येक आयुष्मान आरोग्य मंदिर में प्रत्येक बुधवार को होने वाले मेले के अंतर्गत 4 जून को ’दाई-बाबा दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। इसका उद्देश्य समुदाय स्तर पर बुजुर्गों के […]

You May Like

Breaking News

advertisement