हरियाणा:मुख्यमंत्री ने किया विधानसभा की कॉफी टेबल बुक ‘हरि सदन’ का विमोचन

मुख्यमंत्री ने किया विधानसभा की कॉफी टेबल बुक ‘हरि सदन’ का विमोचन।

हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
दूरभाष – 9416191877

हरियाणा विधानसभा की नई परंपराओं और अभिनव प्रयोगों पर आधारित है कॉफी टेबल बुक।
हरियाणा विधानसभा बनी ई-विधानसभा, नया भवन बनाने की दिशा में बढ़े कदम : मुख्यमंत्री।
विधानसभा की गरिमा, मर्यादा बनी रहे, इसके लिए नये प्रयोग किए गए : विधानसभा अध्यक्ष।

चंडीगढ़, 10 नवंबर :
हरियाणा की 14 वीं विधानसभा की नई परंपराओं और अभिनव प्रयोगों के 3 गौरवशाली वर्षों पर प्रकाशित कॉफी टेबल बुक ‘हरि सदन’ का वीरवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विमोचन किया। हरियाणा विधानसभा में आयोजित विमोचन समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि इन 3 गौरवशाली वर्षों के दौरान हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने जिस प्रकार सदन की कार्यवाही का संचालन किया, वह प्रशंसनीय है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच संतुलन बनाए रखना बहुत ही कठिन कार्य होता है। इसलिए जब कोई विधानसभा का अध्यक्ष बनता है तो सर्वप्रथम उसे अपनी मनोस्थिति बदलनी होती है कि अब उन्हें पार्टी से ऊपर उठकर कार्य करना है, जिसे ज्ञान चंद गुप्ता ने बड़ी बखूबी निभाया है। विधानसभा अध्यक्ष ने विधानसभा का संचालन पूरी मर्यादा और संवैधानिक तरीके से किया है। उन्होंने कहा कि अन्य प्रदेशों की विधानसभा के मुकाबले हरियाणा विधानसभा का संचालन बहुत ही व्यवस्थित ढंग से हुआ है।
हरियाणा विधानसभा बनी ई-विधानसभा
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता विधानसभा में कई क्रांतिकारी परिवर्तन लेकर आए हैं। नई पहल करते हुए हरियाणा विधानसभा को ई-विधानसभा बनाया है। अभी फिलहाल पहले साल में दोनों तरीकों से विधानसभा की कार्यवाही चलेगी, लेकिन आगामी वर्षों में हरियाणा विधानसभा पूरी तरह पेपरलैस हो जाएगी। पेपरलैस विधानसभा का यह कदम अपने आप में बड़ा बदलाव है।
विधानसभा में कई क्रांतिकारी परिवर्तन लाए गए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा में विधायकों के लिए भोजन की व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। 100 रुपये थाली की नई व्यवस्था शुरू की गई है। इसके अलावा, सदन की कार्यवाही के समय में भी बदलाव किया गया है। अब सुबह 11:00 बजे सदन की कार्यवाही शुरू होती है और सायं काल तक विधायी कार्य पूरे होने तक चलती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा विधानसभा में एक और नया प्रयोग शुरू करते हुए विधायकों को विधायी कार्यों के लिए प्रशिक्षण प्रदान किया गया। तब यहां लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था।
उन्होंने कहा कि इन 3 वर्षों में एक और नई परंपरा शुरू की गई। बजट सत्र के दौरान सदन में 4 दिन की छुट्टी रखी गई ताकि विधायक बजट को अच्छे से पढ़ सकें और इन 4 दिनों के दौरान सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों विधायकों से सुझाव भी लिए गए।
हरियाणा विधानसभा का नया भवन बनाने की दिशा में बढ़े कदम।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा विधानसभा का नया भवन बनाने के लिए भी विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने प्रयास किए हैं। भवन के लिए जगह चिह्नित कर ली गई है और इसके लिए सहमति बन गई है। आवश्यक प्रक्रियाओं को जल्द पूरा कर नया भवन बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेस्ट एमएलए ऑफ-द-ईयर का चयन करने की अनूठी शुरुआत भी इन्हीं 3 वर्षों के कार्यकाल के दौरान की गई।
विधानसभा में नये प्रयोग किए गए : विधानसभा अध्यक्ष।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने मुख्यमंत्री का कॉफी टेबल बुक का विमोचन करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन 3 वर्षों में सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों के विधायकों ने सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाने, विधानसभा की बेहतरी के लिए नए प्रयोगों को लागू करने में सहयोग दिया है।
विस अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि विधानसभा की गरिमा, मर्यादा और गौरव बढ़ाने के लिए नये प्रयोग किए गए हैं। प्रश्नकाल में पूछे जाने वाले प्रश्नों का चयन ड्रॉ-ऑफ-लॉट्स के माध्यम से किया गया, ताकि विधायकों को पूरा समय दिया जा सके। इसी प्रकार, पंजाब के नाम से चल रहे विधानसभा के नियमों के नामों को परिवर्तित करके हरियाणा के नाम पर रखा गया है। विधानसभा में श्रीमद्भगवद् गीता की प्रतिकृति स्थापित की गई। इसके अलावा, डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का भी विधानसभा में अनावरण किया गया।
उन्होंने कहा कि विधायकों को प्रश्न और विधेयक समय पर मिले, इसके लिए भी प्रावधान किया गया है। अब 5 दिन पहले प्रश्न और विधेयक सदन में प्रस्तुत किए जाते हैं, ताकि इन 5 दिनों के दौरान विधायक इन्हें अच्छे से पढ़ सकें। इतना ही नहीं, विधानसभा के कार्यालय में भी नए प्रयोग किए गए और बायोमैट्रिक अटेंडेंस को शुरू किया गया। इसके अलावा, सेवा का अधिकार अधिनियम के तहत फाइलों का समय पर निष्पादन सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया।
इस मौके पर परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, विधानसभा उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओपी यादव और महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती कमलेश ढांडा सहित बड़ी संख्या में विधायकगण और अधिकारी उपस्थित रहे।
4 हरियाणा की 14 वीं विधानसभा की नई परंपराओं और अभिनव प्रयोगों के 3 गौरवशाली वर्षों पर प्रकाशित कॉफी टेबल बुक ‘हरि सदन’ का वीरवार को विमोचन करते मुख्यमंत्री मनोहर लाल, विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा, परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री ओपी यादव, महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री कमलेश ढांडा, विधायकगण और अधिकारी गण।
हरियाणा की 14 वीं विधानसभा की नई परंपराओं और अभिनव प्रयोगों के 3 गौरवशाली वर्षों पर प्रकाशित कॉफी टेबल बुक ‘हरि सदन’ का अवलोकन करते मुख्यमंत्री मनोहर लाल, विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, उपाध्यक्ष रणबीर गंगवा, मंत्री गण, विधायकगण और अधिकारी गण।

Read Article

Share Post

VVNEWS वैशवारा

Leave a Reply

Please rate

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उत्तराखंड: राज्य स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन,

Thu Nov 10 , 2022
कालाढूंगीरिपोर्ट:-ज़फर अंसारी एंकर:- राज्य स्थापना दिवस की संध्या पर कोटाबाग क्षेत्र में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड के पूर्व प्रदेश प्रशिक्षण प्रमुख मनोज पाठक और उत्तरांचल उत्थान परिषद की संयुक्त पहल पर यह सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया इस दौरान भारी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे […]

You May Like

Breaking News

advertisement