हरियाणा: हरियाणा विस अध्यक्ष ने किया छठ मैय्या को समर्पित लोक गीत का लोकार्पण

हरियाणा विस अध्यक्ष ने किया छठ मैय्या को समर्पित लोक गीत का लोकार्पण।

हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
दूरभाष – 9416191877

कहा यह पर्व भारतीयों के प्रकृति प्रेम को प्रकट करता है।

चंडीगढ़, 28 अक्तूबर :
हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने शुक्रवार को छठ पर्व के पहले दिन नहाए खाये अनुष्ठान के मौके पर छठ मैय्या को समर्पित लोक गीत का लोकार्पण किया। यह गीत हरियाणा सर्किल की मुख्य डाक महाप्रबंधक रहीं रंजू प्रसाद ने गाया है। इस अवसर पर पूर्व गृह सचिव डॉ. एसएस प्रसाद और पूर्वांचल वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके साथ ही विधान सभा अध्यक्ष ने प्रदेशवासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं भी दी हैं।
हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि छठ पूजा का पर्व हम भारतीयों के प्रकृति प्रेम और अपने परिजनों के प्रति समर्पण भाव को दर्शाता है। इस पर्व पर हम ऊर्जा के मूल स्रोत सूर्य भगवान की उपासना करते हैं। छठ पर्व शरीर और मन को साधने की कड़ी साधना भी है।
गीत की गायिका पूर्व मुख्य डाक महाप्रबंधक रंजू प्रसाद ने कहा कि छठ मैया का व्रत सीता और राम जी ने भी किया था। यह एक बहुत कठिन व्रत है और इसमें 36 घंटे निर्जल उपवास रखा जाता है। पूरे 4 दिन की यह एकमात्र पूजा है जिसमें डूबते सूरज को अर्घ्य दिया जाता है। वस्तुतः यह प्रकृति की पूजा है। इस गीत के माध्यम से छठ के महत्व को भक्तों के सामने रखा गया है। इसकी शूटिंग पंचकूला के सेक्टर 21 स्थित छठ घाट और सेक्टर 20, 21, 25, 26 की महिलाओं, बच्चों एवं अन्य श्रद्धालुओं के साथ की गई है। गौरतलब है कि रंजू प्रसाद के गीतों में महान सूर्योपासना के पर्व छठ का महत्व एवं भक्ति की वास्तविकता परिलक्षित होती हैं। रंजू प्रसाद कला एवं लोक गीतों के माध्यम से माटी से जुड़ी हुई है और उसकी सुगंध उनके गीतों में दिखती है।
पूर्व गृह सचिव डॉ. एसएस प्रसाद ने कहा कि ज्ञान चंद गुप्ता के प्रयासों से पंचकूला में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित हुए हैं। इस अवसर पर पूर्वांचल वेलफेयर एसोसिएशन से जुड़े पदाधिकारियों ने कहा कि जब से ज्ञान चंद गुप्ता पंचकूला से विधायक चुने गए हैं, तक से छठ पर्व मनाने वाले लोगों का शहर में सम्मान बढ़ा है। उनसे पहले अनेक नेता समाज के लोगों से झूठे वादे करते थे और उन्हें सिर्फ वोट बैंक के तौर पर प्रयोग करते थे।
छठ पूजा सेवा समिति के प्रधान काशीनाथ ने कहा कि विधान सभा अध्यक्ष के प्रयास से ही घग्गर नदी के किनारे छठ पूजा घाट का निर्माण हो सका है। उनसे पहले अनेक नेता इसके लिए सिर्फ वादे करते रहे। पूर्वांचल वेलफेयर एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष यूके सिंह और धनञ्जय गुप्ता ने घग्गर पर छठ पूजा घाट के पास विश्वकर्मा मंदिर निर्माण की भी मांग रखी।
गीत में है बच्चे के लिए करुण पुकार।
सेवानिवृत्त अधिकारी रंजू प्रसाद द्वारा गाया गया गीत सूरज भगवान और छठी मैया की भक्ति से ओतप्रोत है। इस गीत में भक्तगण उन्हें दर्शन देने के लिए अर्चना कर रहे हैं। साथ ही व्रती छठी मैया से संतान के लिए करुण पुकार कर रही है। वह अपने मन की व्यथा बताते हुए कहती है कि उसकी गोद सूनी होने के कारण ससुराल और मायके के लोग उसे बुरा-भला कहते हैं। इसलिए वह छठी मैया से संतान देने की गुहार करती है। गीत में छठ व्रत का इतिहास भी दर्शाया गया है। इस गीत की शूटिंग पंचकूला में हुई है। यह गीत संजीव राजपूत ने लिखा है और इसकी धुन शंकर डे ने तैयार की है। गीत का निर्देशन देवेंद्र मोहन शर्मा ने और संपादन संजीव ने किया है।
छठ व्रत पर फिल्माए गीत का लोकार्पण करते हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता।

Read Article

Share Post

VVNEWS वैशवारा

Leave a Reply

Please rate

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

हरियाणा: अप्रवासी भारतीय नरेंद्र जोशी के पिता के अंतिम संस्कार में अनेक राजनीतिज्ञ एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि हुए शामिल

Fri Oct 28 , 2022
अप्रवासी भारतीय नरेंद्र जोशी के पिता के अंतिम संस्कार में अनेक राजनीतिज्ञ एवं विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि हुए शामिल। हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।दूरभाष – 9416191877 कुरुक्षेत्र, 28 अक्तूबर : करीब तीन दशक पूर्व धर्मनगरी कुरुक्षेत्र से अमेरिका में जा कर विभिन्न राज्यों में सफल व्यवसाय स्थापित करने […]

You May Like

advertisement