Uncategorized
होली पर्व को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क, सभी चिकित्सालय एवं एंबुलेंस सेवाएं अलर्ट मोड पर -सीएमओ

होली पर्व को लेकर स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क, सभी चिकित्सालय एवं एंबुलेंस सेवाएं अलर्ट मोड पर -सीएमओ
जनपद में आगामी होली पर्व को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ० एन आर वर्मा ने बताया कि त्योहार के दौरान किसी भी आकस्मिक स्वास्थ्य स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ किया गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने अवगत कराया कि जनपद के राजकीय मेडिकल कालेज चक्रपानपुर, मंडलीय जिला चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय, सभी 100 शैय्या चिकित्सालयों सहित समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं एंबुलेंस सेवाओं (108 एवं 102) को अलर्ट मोड पर रखा गया है। सभी चिकित्सालयों में 24×7 आपातकालीन सेवाएं संचालित रहेंगी तथा चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी विशेष रोस्टर के अनुसार निर्धारित कर दी गई है।
सीएमओ ने कहा होली के दौरान रंगों एवं रसायनों से एलर्जी, आंखों में संक्रमण, खाद्य विषाक्तता, जलने अथवा सड़क दुर्घटनाओं जैसी संभावित घटनाओं को देखते हुए आवश्यक दवाओं, जीवनरक्षक उपकरणों एवं उपचार व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कर ली गई है। साथ ही सभी अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्साधिकारियों को चिकित्सालयों में साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था एवं इमरजेंसी सेवाओं को निरंतर क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए हैं।
डाॅ वर्मा ने जनपदवासियों से अपील की है कि होली पर्व के दौरान सुरक्षित एवं प्राकृतिक रंगों का प्रयोग करें, नशे की स्थिति में वाहन कत्तई न चलाएं तथा किसी भी स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल नजदीकी सरकारी चिकित्सालय अथवा एंबुलेंस सेवा 108/102 का उपयोग करें।
(डाॅ एन आर वर्मा)
मुख्य चिकित्साधिकारी
आजमगढ़




