
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : पिछले दिनों आई तेज आंधी और तूफान के कारण शहर में कई जगहों पर पेड़ों की भारी टहनियां और दुग्गे टूट गए थे। इनमें से कई भारी-भरकम दुग्गे अभी भी पेड़ों के ऊपर ही खतरनाक तरीके से अटके हुए हैं, जो राहगीरों के लिए सीधा काल बने नजर आ रहे हैं।
ऐसा ही एक गंभीर मामला नोमहला रोड स्थित मनोविज्ञान केंद्र परिसर का है, जहां लगे अशोक के पेड़ का एक बड़ा दुग्गा टूटकर पेड़ पर ही अटका हुआ है। यह पेड़ न्यू स्मार्ट ऑटोमोबाइल शॉप के सामने लगा है।
न्यू स्मार्ट ऑटोमोबाइल के संचालक आसिम कुरैशी ने बताया कि यह बेहद व्यस्त और चलता हुआ रोड है। दिनभर यहां से सैकड़ों राहगीर और वाहन गुजरते हैं। पेड़ का दुग्गा काफी बड़ा और भारी है, जो हवा के झोंके या जरा सी हलचल से कभी भी नीचे गिर सकता है। अगर यह किसी राहगीर या वाहन पर गिरता है, तो कोई भी बड़ी अप्रिय घटना घट सकती है। इस खतरे को देखकर स्थानीय दुकानदारों और वहां से गुजरने वाले लोगों में दहशत का माहौल है।स्थानीय दुकानदारों ने नगर निगम से मांग की है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय, तत्काल टीम भेजकर इन खतरनाक लटके हुए दुग्गों को हटवाया जाए।
जनसेवा टीम के अध्यक्ष एवं समाजसेवी पम्मी खाँ वारसी ने नगर निगम और संबंधित विभाग के आला अधिकारियों से तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है।”नगर निगम को समय रहते शहर के ऐसे सभी इलाकों का सर्वे करवाना चाहिए जहां पेड़ या उनकी भारी शाखाएं गिरने की कगार पर हैं। मानसून और आंधी के इस मौसम में व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए ताकि किसी मासूम की जान जोखिम में न पड़े और जनता को राहत मिल सके।”


