Uncategorized
पूरे जनपद में एचपीवी टीकाकरण की शुरुआत 2 अप्रैल से

पूरे जनपद में एचपीवी टीकाकरण की शुरुआत 2 अप्रैल से
सभी ब्लॉक स्वास्थ्य केन्द्रों पर चलेगा अभियान, 14-15 वर्ष की किशोरियां होंगी लाभान्वित
जनपद में किशोरियों को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित करने के उद्देश्य से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ दिनांक 2 अप्रैल 2026 से पूरे जनपद में एक साथ किया जा रहा है। यह टीकाकरण कार्यक्रम सभी ब्लॉक स्तरीय स्वास्थ्य केन्द्रों पर संचालित होगा।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि यह अभियान जनपद के सभी विकास खंडों में एक साथ प्रारंभ किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को समयबद्ध तरीके से टीकाकरण का लाभ मिल सके। यह टीका भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में अत्यंत प्रभावी है।
उन्होंने बताया कि टीकाकरण कार्य प्रत्येक सोमवार से शनिवार तक नियमित रूप से संचालित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीमें पूरी तरह तैयार हैं और टीकाकरण केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं।
अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपनी बालिकाओं को नजदीकी टीकाकरण केंद्र तक अवश्य लेकर आएं। टीकाकरण के समय बालिका की आयु से संबंधित कोई वैध दस्तावेज (जैसे आधार कार्ड/स्कूल पहचान पत्र) साथ लाना अनिवार्य होगा तथा मोबाइल नंबर का पंजीकरण भी कराना होगा, जिससे आवश्यक जानकारी एवं फॉलोअप सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने जनपदवासियों से इस अभियान को सफल बनाने हेतु सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह पहल किशोरियों के स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है




