
बिलरियागंज आजमगढ़ सड़क पर यदि आम नागरिक बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन चलाते हुए दिखाई दे जाए, तो पुलिस तत्काल चालान काट देती है। लेकिन जब कानून का पालन कराने वाले खुद ही नियमों को ताक पर रख दें, तो कार्रवाई कौन करेगा? ऐसा ही एक मामला बिलरियागंज थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां दो पुलिसकर्मी बिना हेलमेट के मोटरसाइकिल पर घूमते नजर आए।
स्थानीय बाजार के मुख्य मार्ग से गुजरते हुए दोनों पुलिसकर्मियों की तस्वीर सामने आई है। तस्वीर में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि मोटरसाइकिल चला रहे पुलिसकर्मी और पीछे बैठे पुलिसकर्मी, दोनों ने हेलमेट नहीं पहन रखा है।
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों और व्यापारियों में नाराजगी है। व्यापारियों का कहना है कि पुलिस आए दिन चौराहों पर वाहन चेकिंग अभियान चलाकर बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों का चालान करती है और आर्थिक दंड वसूलती है। ऐसे में जब पुलिसकर्मी स्वयं नियमों का उल्लंघन करते दिखाई दें, तो यह दोहरे मापदंड को दर्शाता है।
यातायात नियमों के अनुसार दोपहिया वाहन चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माने सहित अन्य कार्रवाई का प्रावधान है। ऐसे में कानून लागू कराने वाली पुलिस द्वारा ही सरेआम नियम तोड़ना विभागीय अनुशासन और कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय नागरिकों ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और यातायात विभाग से मांग की है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी निष्पक्ष कार्रवाई की जाए, ताकि समाज में कानून के प्रति समानता और जवाबदेही का संदेश जा सके।


