
सेंट्रल डेस्क संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
ब्यूरो चीफ – डॉ. गोपाल चतुर्वेदी दूरभाष 9416191877
वृन्दावन,10 जुलाई : छटीकरा रोड़ स्थित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आश्रम के सभागार में सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ महोत्सव के चौथे दिन व्यास पीठाधीश्वर स्वामी गिरीशानंद सरस्वती महाराज ने अपनी रसमयी वाणी के द्वारा देश-विदेश से आए समस्त भक्तों-श्रृद्धालुओं को वामन अवतार, बलि प्रसंग, गंगा अवतरण, श्रीराम जन्म, श्रीराम विवाह एवं श्रीकृष्ण जन्म की कथा श्रवण कराई।
व्यास पीठाधीश्वर स्वामी गिरीशानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि अखिल कोटि ब्रह्मांड नायक भगवान श्रीकृष्ण ने पृथ्वी पर जन्म लेकर न केवल पापियों, अत्याचारियों व दैत्यों का संघार किया बल्कि उन तमाम भक्तों, ऋषियों-मुनियों एवं साधु-संतों की वाणियों को साकार किया, जिन्होंने पूर्व जन्मों में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं में संलग्न होने का वरदान प्राप्त किया था।
उन्होंने कहा कि जब- जब पृथ्वी पर पापियों के द्वारा पाप-अनाचार बढ़ने लगता है और धर्म की हानि होने लगती है।तब-तब दुष्टों का विनाश और धर्म की पुनर्स्थापना करने के हेतु पृथ्वी पर भगवान नारायण का प्रादुर्भाव होता है।साथ ही भगवान नारायण अपने प्रिय भक्तों का जीवन कृतार्थ करने के लिए भी पृथ्वी पर अवतरित होते हैं।
महोत्सव में पधारे श्रीमज्जगद्गुरु विष्णुस्वामी विजयराम देवाचार्य भैयाजी महाराज श्रीमज्जगद्गुरु पीपाद्वाराचार्य बाबा बलरामदास देवाचार्य महाराज, दिगम्बर अखाड़े के महामंडलेश्वर डॉ. राजेश्वर दास जी महाराज दक्षिण कौशल पीठाधीश्वर राजीव लोचन महाराज (चेयरमैन – गौ सेवा आयोग, छत्तीसगढ़), महामंडलेश्वर स्वामी सुरेशानंद परमहंस महाराज, भागवत प्रवक्ता वर्षा जी महाराज एवं सी.ओ. संदीप कुमार आदि ने वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य श्रीमद्भागवत महापुराण का पूजन किया।साथ ही उनकी आरती की।
इस अवसर पर भव्य नंदोत्सव आयोजित किया गया। साथ ही भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की दिव्य झांकी सजाई गई।इसके अलावा जन्म से संबंधित बधाईयों व भजनों का संगीत की मृदुल स्वर लहरियों के मध्य गायन किया गया।जिसके अंतर्गत रुपए-पैसे, खेल- खिलौने, वस्त्र-आभूषण आदि लुटाए गए।
इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक पंडित आर. एन. द्विवेदी “राजू भैया” (राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष – विश्व हिन्दू महासंघ मठ मन्दिर), मुख्य यजमान श्रीमती साधना गुप्ता – विजय गुप्ता (दिल्ली) वरुण एवं प्रेरणा, अमित अग्रवाल, लोकेश पाराशर आदि के अलावा विभिन्न क्षेत्रों के तमाम गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


