Uncategorized

लुवास विश्वविद्यालय की स्क्वैश टीम ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट के लिए मुंबई रवाना

लुवास विश्वविद्यालय की स्क्वैश टीम ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी टूर्नामेंट के लिए मुंबई रवाना

हरियाणा संपादक – वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक दूरभाष – 94161 91877

हिसार,6 मार्च : लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), हिसार की 12 सदस्यीय स्क्वैश टीम ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी स्क्वैश टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए मुंबई स्थित सोमैया विश्वविद्यालय के लिए रवाना हुई। इस टीम में 6 पुरुष और 6 महिला खिलाड़ी शामिल हैं, जो राष्ट्रीय स्तर पर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देकर टीम को रवाना किया।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विनोद कुमार वर्मा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि लुवास के खिलाड़ी अनुशासन, समर्पण और टीम भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लें तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम पूरे देश में रोशन करें।
छात्र कल्याण निदेशक (डीएसडब्ल्यू) डॉ. संदीप कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएँ और अवसर प्रदान करने के लिए सदैव प्रयासरत है। उन्होंने खिलाड़ियों को आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
सहायक छात्र कल्याण निदेशक (खेल) डॉ. यशवंत सिंह ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतरीन मंच है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लुवास की टीम पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन करेगी।
स्क्वैश खेल के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र सिंह ने कहा कि टीम के सभी खिलाड़ी अच्छी तैयारी के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने जा रहे हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि खिलाड़ी विश्वविद्यालय के लिए बेहतर परिणाम लेकर आएंगे।
इस प्रतियोगिता के लिए टीम के साथ प्रबंधक के रूप में डॉ. स्नेहिल और डॉ. सुरभि पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों का मार्गदर्शन और प्रबंधन करेंगे।
सहायक जनसंपर्क अधिकारी डॉ. विशाल शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि लुवास विश्वविद्यालय खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है और विश्वविद्यालय के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन कर रहे हैं।
विश्वविद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
plz call me jitendra patel