
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ‘नवीन महिला सशक्तिकरण अभियान’ का शुभारंभ।
सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण से लेकर डिजिटल मार्केटिंग तक सिखाई जाएगी।
लाडवा, प्रमोद कौशिक 29 अगस्त : महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त, आत्मनिर्भर और स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से सांसद नवीन जिन्दल ने आज ‘नवीन महिला सशक्तिकरण अभियान’ का शुभारंभ किया। अभियान के प्रथम चरण में नवीन जिन्दल फाउंडेशन की ओर से हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के संयुक्त तत्वावधान में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के लिए विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर महिलाओं को बधाई देते हुए सांसद नवीन जिन्दल ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना केवल परिवार को मजबूत करना नहीं, बल्कि पूरे समाज और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं में प्रतिभा और मेहनत की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता केवल उनके हुनर को सही प्रशिक्षण, बाजार और अवसर से जोड़ने की है। इसी उद्देश्य से ‘नवीन महिला सशक्तिकरण अभियान’ की शुरुआत की गई है।
उन्होंने कहा कि नवीन महिला सशक्तिकरण अभियान सात संकल्पों को लेकर आगे बढ़ेगा। स्वयं सहायता समूहों को मजबूत बनाने और महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए उनके द्वार हमेशा खुले हैं। नवीन जिन्दल फाउंडेशन की टीम महिलाओं से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं और स्थानीय संभावनाओं को समझते हुए अभियान को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने के लिए काम कर रही है।
गांव संघौर से शुरू होगा अभियान
सांसद नवीन जिन्दल के कार्यालय प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि अभियान का पहला कार्यक्रम लाडवा हलके के गांव संघौर में आयोजित किया जाएगा। इसके लिए नवीन जिन्दल फाउंडेशन की टीम गांव के सरपंच और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के साथ लगातार संवाद कर रही है। महिलाओं की जरूरतों, उनके पारंपरिक हुनर, स्थानीय संसाधनों और रोजगार की संभावनाओं को समझकर प्रशिक्षण की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में सात संकल्पों पर आगे बढ़ेगा अभियान
उन्होंने बताया कि सांसद नवीन जिन्दल के मार्गदर्शन में ‘नवीन महिला सशक्तिकरण अभियान’ को सात प्रमुख संकल्पों के साथ आगे बढ़ाया जाएगा –
महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए कौशल प्रशिक्षण की व्यवस्था।
महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराना।
स्वरोजगार और छोटे व्यवसाय शुरू करने के लिए मार्गदर्शन एवं सहयोग।
डिजिटल साक्षरता और डिजिटल मार्केटिंग का प्रशिक्षण।
बैंक ऋण एवं सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता।
ग्रामीण महिलाओं के पारंपरिक हुनर को आधुनिक तकनीक से जोड़ना।
सफल महिला उद्यमियों को मेंटॉर बनाकर अन्य महिलाओं का मार्गदर्शन करवाना।
इस अवसर पर नगरपालिका चेयरपर्सन साक्षी खुराना, आशा शर्मा, पूनम सैनी, अन्या अग्रवाल, वैभव अग्रवाल, नरेंद्र दबखेड़ा, अध्यक्ष शिव गुप्ता, रोहित गर्ग, नवीन महिला सशक्तिकरण अभियान कोर्डिनेटर भूषण मंगला, डॉ. राज कुमार तथा नवीन जिन्दल फाउंडेशन की टीम के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

