
दीपक शर्मा (जिला संवाददाता )
बरेली : केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण’ कार्यक्रम के अंतर्गत कलेक्ट्रेड परिसर बरेली में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा भव्य प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश के सौजन्य से लोक कलाकारों ने अपनी कला का बेहतरीन प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में ‘रवि प्रकाश एण्ड पार्टी’ बरेली के कलाकारों ने अपनी सुरीली प्रस्तुतियों और पारंपरिक लोकगीतों के माध्यम से उपस्थित जनसमुदाय को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कलाकारों ने स्थानीय भाषा और पारंपरिक लोकगीतों को माध्यम बनाकर केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया। गीतों के माध्यम से आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और किसान सम्मान निधि, सर्व शिक्षा अभियान, जल जीवन मिशन, पीएम स्वनिधि योजना, पीएम स्वनिधि योजना,पीएम मातृ वंदन योजना, जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी अत्यंत सरल और मनोरंजक रूप में आम जनता तक पहुंचाई गई। संस्कृति विभाग के इस अनूठे प्रयास की दर्शकों ने खूब सराहना की।
इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक और आम जनता उपस्थित रही। प्रदर्शनी के मुख्य उद्देश्य कला और संस्कृति के माध्यम से अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकार की नीतियों का लाभ पहुंचाना और उन्हें जागरूक करना था। कार्यक्रम के सफल समापन के उपरांत निर्देशक रवि प्रकाश सक्सेना ने संस्कृति विभाग उत्तर प्रदेश एवं जिला अधिकारी बरेली, सूचना अधिकारी बरेली सहित प्रदर्शनी में सम्मिलित सम्मानित मुख्य अतिथि, सांसद , क्षेत्रीय विधायकगण, जिलाध्यक्ष,ब्लॉक प्रमुख एवं समस्त विभाग के अधिकारीगण का आभार प्रकट किया।


