मरीज पहले” — अस्पतालों में मानवीय व्यवहार पर सीएमओ सख्त

“मरीज पहले” — अस्पतालों में मानवीय व्यवहार पर सीएमओ सख्त

मेडिकल कॉलेज से लेकर पीएचसी तक सभी स्वास्थ्य इकाइयों को संवेदनशीलता के निर्देश

       मुख्य चिकित्साधिकारी डाॅ. एन. आर. वर्मा ने राजकीय मेडिकल कॉलेज चक्रपानपुर, मंडलीय जिला चिकित्सालय, जिला महिला चिकित्सालय सहित जनपद के समस्त सौ शैय्या चिकित्सालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों के अधीक्षक एवं प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अस्पतालों में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ मानवीय एवं संवेदनशील व्यवहार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
     उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग सेवा प्रदाता का विभाग है और प्रत्येक चिकित्साधिकारी व कर्मचारी का दायित्व है कि वह सेवा भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे। विशेष रूप से यदि मरीज वरिष्ठ नागरिक, खासकर 70 वर्ष से अधिक आयु के हों, तो उनके प्रति संवेदनशीलता और कर्तव्यबोध को और अधिक बढ़ाते हुए प्राथमिकता के आधार पर चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही अक्षम्य मानी जाएगी।
     सीएमओ डाॅ. वर्मा ने सभी अधीक्षक एवं प्रभारी अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे अपने-अपने चिकित्सालय परिसरों में तैनात सुरक्षा कर्मियों के व्यवहार की नियमित समीक्षा करें और सुनिश्चित करें कि उनका आचरण मरीजों व तीमारदारों के प्रति शालीन एवं सहयोगात्मक हो। यदि कोई सुरक्षा कर्मी अपने मूल कर्तव्य से हटकर अन्य गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उसकी सूचना तत्काल मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि उसे स्वास्थ्य सेवाओं जैसी संवेदनशील जिम्मेदारी से तत्काल हटाया जा सके।
    मुख्य चिकित्साधिकारी ने यह भी सख्त निर्देश दिए कि यदि किसी भी चिकित्सालय परिसर में कोई व्यक्ति नशे की हालत में चिकित्सकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास करता है, तो तत्काल उसे संज्ञान में लेते हुए उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाए तथा नजदीकी पुलिस स्टेशन को तुरंत सूचना दी जाए, जिससे अस्पताल की व्यवस्था एवं मरीजों की सुरक्षा प्रभावित न हो।
    डाॅ. एन. आर. वर्मा ने कहा कि मरीजों को सम्मानजनक और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सभी चिकित्सा इकाइयों की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।


                                   (डाॅ एन आर वर्मा)
                             मुख्य चिकित्साधिकारी 
                                      आजमगढ़

VV NEWS

राष्ट्रीय कार्यालय रमाकान्त पाण्डेय(गोपालपुरी) संरक्षक/संस्थापक ग्राम व पोस्ट- गोपालपुर (टावर) थाना व तहसील- मेहनगर जिला-आजमगढ़, उत्तर प्रदेश पिंन कोड़-276204 मोबाईल-9838825561,7054825561 हेंड कार्यालय/प्रशासनिक कार्यालय जितेंद्र पटेल (प्रमुख संपादक/प्रशासनिक संपादक) ग्राम व पोस्ट- 495668 थाना व तहसील-जांजगीर जिला-जांजगीर (छत्तीसगढ) पिंन कोड़-495668 मोबाईल-6265564514

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का दौरा कार्यक्रम

Sun Mar 15 , 2026
महासमुंद 15 मार्च 2026/ प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय आज 15 मार्च को जिला महासमुंद अंतर्गत बसना तहसील के ग्राम गढ़फुलझर के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री श्री साय दोपहर 12:50 बजे बलरामपुर से प्रस्थान कर दोपहर 2ः10 बजे ग्राम नानक सागर गढ़फुलझर (रामचंडी मंदिर मैदान) हेलीपेड पहुंचेगे तथा दोपहर […]

You May Like

Breaking News

advertisement