हरियाणवी बोहिया व फुलझडी के कायल हुए लोग

हरियाणा पैवलियन में पर्यटकों की लगी भारी भीड़।
कुरुक्षेत्र,संजीव कुमारी 30 नवंबर : अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में पुरुषोत्तमपुरा बाग के मध्य लगे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय व कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के हरियाणा पैवलियन में हरियाणवी बोहिया व फूलझडी लोगों के आकर्षण का केन्द्र बनी हुई है। हरियाणा की प्राचीन लोक संस्कृति को देखने को लेकर पर्यटकों में भारी उत्साह है। हरियाणा पैवेलियन में रविवार के दिन पर्यटकों की भारी भीड लगी थी। हरियाणा की समृद्ध लोक संस्कृति, परम्परा व रीति रिवाज व काम धंधों के लगे स्टॉल सबको को अपनी ओर आकर्षित कर रहे है।
हिसार के फांसी गांव के सुभाष द्वारा लगाया गया स्टॉल हरियाणा की प्राचीन बोहिया पद्धति, फुलझड़ी, बंदरवाल, घोडे व अन्य साज-सज्जा में प्रयोग होने वाली चीजें हर किसी को भा रही है। इस स्टॉल पर लोग अपने प्राचीन दिनों को याद कर रहे है। सुभाष ने बताया कि हरियाणा संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने वाले डा. महासिंह पूनिया की प्रेरणा से वह यह काम कर रहे है। उनका उद्देश्य है कि हरियाणा की जो लुप्त होती वस्तुएं है वह जीवंत रहे। हमारी जो प्राचीन संस्कृति व कलाकृतियां है उन्हें युवा पीढ़ी जाने और पहचाने, इसी कारण से वे बोहिया, फुलझड़ी, बंदरवाल व घोडे के साथ-साथ बहुत सी वस्तुएं बना रहे है और उनकी कला को खूब कदरदान मिल रहे है।
हरियाणा पैवेलियन में रविवार का दिन बहुत खास रहा, भारी संख्या में पर्यटक पहुंचे और उन्होंने हरियाणा की प्राचीन लोक संस्कृति से ओत प्रोत स्टॉलों का अवलोकन किया।




