
जिला पुलिस की टीमों ने 8 माह में भारी मात्रा में नशीले पदार्थं किये बरामद।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 2 सितंबर : पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाये जा रहे विशेष अभियान के सार्थक परिणाम सामने आ रहे है। पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन ने कहा कि कुरुक्षेत्र को नशामुक्त बनाने को लेकर जिला पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहे हैं। हरियाणा पुलिस के नशा मुक्ति अभियान में जिला पुलिस लगातार काम कर रही है। एक तरफ जहां नशे के कारोबार से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार करके उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जा रहा है वहीं आमजन को नशा न करने के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे के खिलाफ लोगों को जागरुक करने के लिए सेमिनार व गोष्ठियां आयोजित कर जागरुक किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों पर पूरी तरह शिंकजा कसा जा रहा है। कुरुक्षेत्र पुलिस ने वर्ष 2026 के प्रथम 8 माह में 234 मामले दर्ज कर 249 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा है। इस अवधी में आरोपियों से 63 किलो 717 ग्राम अफीम, 13 क्विंटल 39 किलो 784 ग्राम चूरापोस्त, 1670.778 ग्राम हैरोइन, 180.865 ग्राम स्मैक, 37 किलो 556 ग्राम गांजा, 309 ग्राम चरस/सुल्फा, 35 ग्राम नशीला पाउडर बरामद किए। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए एंटी नारकोटिक सैल ईंचार्ज के मोबाईल नंबर 74969-85326 पर व्हाट्सएप या एसएमएस के माध्यम से नशा बेचने वालों की सूचना दी जा सकती हैं। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह से गुप्त रखा जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि युवा देश की धरोहर है इसलिए वे नशे जैसी बुराई से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद व अन्य सामाजिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन कर अपने मां-बाप व देश-प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र पुलिस लगातार आमजन से संपर्क साध रही है तथा गांव दर गांव अभियान चलाकर गांवों को नशा मुक्त किया जा रहा है। नशा जैसी समाजिक बुराई के खिलाफ जहां सामाजिक आंदोलन की जरुरत है वहीं समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी इस अभियान मे अति आवश्यक है। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की अगर कोई व्यक्ति नशे से ग्रसित है तो उसे नशा छोड़ने के लिए भी प्रेरित करें।


