श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय ने लाडवा में लगाया स्वास्थ्य जांच शिविर

125 से अधिक रोगियों की निशुल्क जांच कर औषधियां बांटी।
कुरुक्षेत्र, (संजीव कुमारी) 7 जनवरी : श्री कृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लाडवा स्थित ओपीजीएम पब्लिक स्कूल में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 125 से अधिक मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं दवाइयां निशुल्क प्रदान की गईं। नेत्र एवं ईएनटी विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. दीपक कुमार ने मरीजों की आंखों की गहन जांच कर आवश्यक परामर्श दिया। स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. रुचिका ने महिलाओं से संबंधित रोगों की जांच कर उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए।
कायचिकित्सा विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. प्रीति गहलावत ने हृदय, छाती, पेट एवं जोड़ संबंधी रोगों से पीड़ित मरीजों की जांच की, जबकि होम्योपैथिक विभाग की एसडीई डॉ. कुलजीत कौर ने बच्चों, त्वचा रोगों एवं सामान्य बीमारियों से ग्रसित मरीजों का उपचार किया।
आयुर्वेदिक अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक प्रो. राजा सिंगला ने बताया कि शिविर में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सेवाएं दीं। उन्होंने कहा कि आयुष पद्धतियां जनस्वास्थ्य की रीढ़ हैं और इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना विश्वविद्यालय का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर सेवा भाव से कार्य कर रहा है।
शिविर के दौरान मरीजों की निशुल्क ब्लड शुगर एवं हीमोग्लोबिन जांच की गई तथा आवश्यक औषधियां भी निःशुल्क वितरित की गईं। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने शिविर का लाभ उठाया। इस अवसर पर स्कूल संचालक सुमित गर्ग, प्राचार्य भावना गर्ग, अरविंद सिंगला, संजीव मंगला, राजीव आर्य सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




