शिक्षण संस्थानों में अभी से विद्यार्थी हो रहे हैं रंगों से सराबोर


वैद्य पण्डित प्रमोद कौशिक।
जयराम कन्या महाविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर होली का त्यौहार मनाया गया।
गीत व नृत्य से छात्राओं ने मन की भावनाओं तथा खुशियों का इजहार किया।
कुरुक्षेत्र, 8 मार्च : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर देशभर में संचालित श्री जयराम संस्थाओं के परमाध्यक्ष एवं श्री जयराम शिक्षण संस्थान की चेयरमैन ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी की प्रेरणा से ग्रामीण आंचल की कन्याओं को उच्च शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से गतिमान सेठ नवरंग राय लोहिया जयराम कन्या महाविद्यालय में होली का त्यौहार बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर समस्त टीचिंग और नॉन टीचिंग स्टाफ ने फूलों से होली खेली। महाविद्यालय की छात्राओं ने एक दूसरे को रंगों से सराबोर करते हुए होली का त्यौहार मनाया। गीत व नृत्य के द्वारा छात्राओं ने अपने मन की भावनाओं का तथा खुशियों का इजहार किया। इस अवसर पर प्राचार्या डा. सुदेश रावल ने सभी को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली का त्यौहार आकर्षक, उल्लास और मनोहर रंगों का त्योहार है। यह एक ऐसा त्यौहार है जो हर धर्म, संप्रदाय, जाति के बंधन की सीमा से परे जाकर लोगों को भाई-चारे का संदेश देता है। इस दिन सारे लोग अपने पुराने गिले-शिकवे भूल कर गले मिलते हैं और एक दूजे को गुलाल लगाते हैं। एक-दूसरे को होली के पावन पर्व की शुभकामनाएं देते हैं। इस दिन अलग-अलग जाति, धर्म और वर्ग के लोग एक साथ उत्सव मनाते हैं। इसलिए यह हमें एकता और भाईचारे का संदेश देता है।
जयराम कन्या महाविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर होली मनाते हुए।